Site icon Dainik Savera Times

बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में मारे गए 4 नक्सली

नेशनल डेस्क। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। रविवार शाम को विशेष पुलिस बल (DRG) ने एक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराया। ये मुठभेड़ बीजापुर के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के जंगलों में हुई। पुलिस ने जिन नक्सलियों को मारा है, उनकी पहचान इस तरह की गई है, भीमे (इनाम: ₹5 लाख), हुंगा (इनाम: ₹5 लाख), लक्खे (इनाम: ₹5 लाख), निहाल उर्फ राहुल (इनाम: ₹2 लाख) रख गया था। इनमें से तीन नक्सली दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के उच्च स्तर के सदस्य थे और काफी लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में थे।

कैसे शुरू हुई मुठभेड़

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को इलाके में माओवादियों की हलचल की सटीक जानकारी मिली थी। इस सूचना के आधार पर डीआरजी की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। काफी देर तक रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही।

भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

घटनास्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। जिसमें एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, एक .303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट राइफल, भारी मात्रा में कारतूस, ग्रेनेड और अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई है।

अब तक 425 नक्सली ढेर: आईजी सुंदरराज

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि साल 2024 से अब तक 425 हार्डकोर नक्सली सुरक्षाबलों द्वारा मारे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान तेजी से और लगातार चल रहा है।

आईजी ने बताया कि भारी बारिश, घने जंगल और कठिन रास्तों के बावजूद सुरक्षाबलों का हौसला मजबूत है। वे माओवादियों के खिलाफ लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

 

Exit mobile version