इंफाल: मणिपुर में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं और पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान 13-14 जून की रात को मणिपुर पुलिस, सीएपीएफ (केंद्रीय अर्धसैनिक बल), भारतीय सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीमों ने चलाया।
कहां चला ऑपरेशन?
यह तलाशी अभियान मणिपुर के पांच घाटी जिलों के बाहरी इलाकों में चलाया गया। मणिपुर पुलिस के एडीजीपी ल्हारी दोरजी ल्हाटू ने बताया कि अभियान में विस्फोटक और अन्य युद्ध सामग्री भी मिली है।
#WATCH | Imphal: Lhari Dorjee Lhatoo, ADGP Manipur Police says “In the intervening night of 13-14 June, search operations were launched in the outskirts of 5 valley districts by joint teams of Manipur Police, CAPF, Army and Assam Rifles. Explosives and other warlike stores were… pic.twitter.com/hsb2mppEXQ
— ANI (@ANI) June 14, 2025
कितने और कौन-कौन से हथियार बरामद हुए?
अभियान के दौरान कुल 328 हथियार बरामद किए गए। इनमें शामिल हैं, 151 एसएलआर राइफल, 65 इंसास राइफल, 73 अन्य राइफलें, 5 कार्बाइन गन, 2 एमपी-5 गन, 12 हल्की मशीन गन, 6 एके-सीरिज राइफल, 2 अमोघ राइफल, 1 मोर्टार, 6 पिस्टल, 1 एआर-15, 2 फ्लेयर गन। अधिकारियों ने इसे एक खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन बताया, जिसका मकसद मणिपुर में सामान्य हालात बहाल करना, कानून व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जबरन वसूली के आरोप में 5 उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने अलग-अलग जगहों से पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी जबरन वसूली में शामिल थे और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े हुए हैं।
कहां से और कौन पकड़ा गया?
काकचिंग जिले से यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) का सदस्य अकोइजाम रॉबिन्सन (51) पकड़ा गया। थौबल जिले के मेला ग्राउंड से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोयोन) का एक सदस्य गिरफ्तार हुआ। तेंगनौपाल जिले के शांगटोंग इलाके (भारत-म्यांमार सीमा के पास) से पीआरईपीएके और पीआरईपीएके (प्रो) के एक-एक कार्यकर्ता पकड़े गए। इंफाल पश्चिम जिले के लांगोल गेम गांव से केसीपी (PWG) का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इन उग्रवादियों पर लोगों से जबरन वसूली करने के गंभीर आरोप हैं और ये मणिपुर में अशांति फैलाने की कोशिशों में शामिल थे।

