नेशनल डेस्क : मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को उनके प्रसिद्ध बंगले ‘मन्नत’ में निर्माण कार्य करने की मंजूरी दे दी है। बीएमसी ने 14 मई 2025 को एक आधिकारिक परमिशन लेटर जारी किया, जिसमें बंगले में दो नई मंजिलें बनाने की अनुमति दी गई है। इस मंजूरी के बाद शाहरुख अब अपने घर में 7वीं और 8वीं मंज़िल का निर्माण करवा सकेंगे। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
परमिशन और सर्टिफिकेट की तारीखें
आपको बता दें कि इस प्रोजेक्ट के लिए पहली बार BMC ने 20 जनवरी 2025 को एक ‘कमेंसमेंट सर्टिफिकेट’ (CC) जारी किया था। यह सर्टिफिकेट किसी भी निर्माण की शुरुआत के लिए ज़रूरी होता है। इसकी वैधता 2 फरवरी 2026 तक रखी गई है, यानी इस तारीख तक शाहरुख को अपना निर्माण कार्य पूरा करना होगा। उसी दिन यानी 20 जनवरी को ही बीएमसी ने अंतिम अप्रूव्ड प्लान को भी मंजूरी दी थी।
गौरी खान ने मांगी थी इजाज़त
हालांकि, इस निर्माण की प्रक्रिया में शाहरुख खान की पत्नी और इंटीरियर डिज़ाइनर गौरी खान ने मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने बीएमसी और महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से निर्माण के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बंगले में दो मंजिलें जोड़ने, उनके इंटीरियर में बदलाव करने और मंजिलों की ऊंचाई को लेकर अनुमति मांगी थी। उनके आवेदन के बाद ही इन विभागों ने जरूरी जांच-पड़ताल कर के मंजूरी दी।
CRZ से भी मिली हरी झंडी
चूंकि शाहरुख खान का बंगला ‘मन्नत’ समुद्र के किनारे स्थित है, इसलिए यह जगह ‘कोस्टल रेगुलेशन ज़ोन’ (CRZ) के अंतर्गत आती है। इस कारण परियोजना के लिए CRZ से भी मंजूरी लेना ज़रूरी था। CRZ की ओर से गौरी खान के नाम पर 3 जनवरी 2025 को एक NOC (No Objection Certificate) जारी किया गया था, जो इस बात की पुष्टि करता है कि निर्माण कार्य पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन नहीं करेगा।
मंजिलों की ऊंचाई पर हुआ बदलाव
निर्माण के दौरान मंज़िलों की ऊंचाई को लेकर भी चर्चा हुई। गौरी खान ने 7वीं मंज़िल की ऊंचाई 4.20 मीटर करने की मांग की थी, लेकिन बीएमसी ने सिर्फ 3.65 मीटर की मंजूरी दी। वहीं 8वीं मंज़िल के लिए 3.65 मीटर की ऊंचाई मांगी गई थी, जिसे बीएमसी ने बढ़ाकर 4.20 मीटर तक मंजूर कर लिया। इस तरह कुछ संशोधनों के साथ निर्माण को हरी झंडी मिल गई।
बैंक गारंटी भी जमा की गई
इस पूरे निर्माण कार्य के दौरान शाहरुख खान की ओर से बीएमसी को 5 लाख रुपये की बैंक गारंटी भी जमा करवाई गई है। यह बैंक गारंटी इसलिए जमा की जाती है ताकि यदि नियमों का उल्लंघन होता है, तो प्रशासन कार्रवाई कर सके। यह एक सामान्य प्रक्रिया होती है, जो बड़े निर्माण कार्यों में जरूरी मानी जाती है।
अब क्या होगा आगे?
अब जबकि बीएमसी, CRZ और MCZMA से सभी जरूरी मंजूरी मिल चुकी है, शाहरुख खान ‘मन्नत’ में दो नई मंजिलें बनवा सकते हैं। इसके साथ ही वे अंदरूनी सजावट और फ्लोर डिज़ाइन में भी बदलाव करवा सकेंगे। यह पूरा काम अब आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त है और शाहरुख खान बिना किसी कानूनी अड़चन के इसे आगे बढ़ा सकते हैं।