Site icon Dainik Savera Times

Share Market Open: सेंसेक्स पहली बार 79,000 अंक के पार, निफ्टी नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर

Share Market Open: मुंबई। घरेलू बाजारों में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद तेजी आई और सेंसेक्स पहली बार 79,000 अंक के स्तर को पार कर गया। निफ्टी भी अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद 339.51 अंक चढक़र 79,013.76 अंक के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली ने उछाल में अहम योगदान दिया।


निफ्टी भी 97.6 अंक चढक़र 23,966.40 के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। मारुति, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे।


अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85.07 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 3,535.43 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।

ये भी पढ़ें: व्यापार-निवेश बढ़ाने को एसोचैम और भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद में समझौता 

Exit mobile version