Site icon Dainik Savera Times

कैश से भरे बैग के साथ नजर आए शिवसेना विधायक शिरसाट, संजय राउत ने शेयर किया वीडियो

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में एक बड़ा सियासी विवाद तब खड़ा हो गया है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को शिंदे गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो में शिरसाट अपने घर में बेडरूम में बैठे हुए नजर आ रहे हैं, जहां उनके पास एक बड़ा बैग पड़ा हुआ है, जिसे कैश से भरा हुआ बताया जा रहा है। राउत ने इस वीडियो को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से इस पर ध्यान देने की अपील की।

वीडियो में शिरसाट सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके पास कैश से भरा एक बैग रखा हुआ है। इसके अलावा, एक सूटकेस भी पास में दिखाई देता है और उनके साथ एक पालतू कुत्ता भी बैठा हुआ है। संजय राउत ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “इस वीडियो को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को देखना चाहिए। यह बहुत कुछ बताता है कि महाराष्ट्र में क्या चल रहा है।”

मुझे इन पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं

जब इस बारे में शिरसाट से प्रतिक्रिया लेने के लिए जब एक चैनल ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने खुद पर आरोप लगाने की बात कही। शिरसाट ने दावा किया कि वीडियो किसी ने जानबूझकर शूट किया होगा और वे इस मामले में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। शिरसाट ने कहा, “मैं एक यात्रा से वापस आया था और अपने बेडरूम में आराम कर रहा था। मेरा पालतू कुत्ता मेरे साथ था, शायद उस वक्त किसी ने वीडियो शूट कर लिया। मुझे इन पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर मेरे पास इतनी बड़ी रकम होती, तो उसे मैं कहीं सुरक्षित जगह पर रखता, न कि बेडरूम में।”

एक दिन पहले आयकर विभाग ने भेजा था नोटिस 

इस वीडियो के सामने आने से एक दिन पहले ही आयकर विभाग ने शिरसाट को नोटिस भेजा था। इस पर शिरसाट ने कहा कि वे जल्द ही आयकर विभाग के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद आयकर विभाग ने नोटिस भेजा। मैंने विभाग से समय मांगा है और जल्द ही अपना जवाब दूंगा। मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि मैं किसी दबाव में नहीं हूं।” यह मामला राजनीतिक गलियारों में गर्म हो गया है, और अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि शिरसाट इस मुद्दे पर आगे क्या कदम उठाते हैं।

Exit mobile version