Site icon Dainik Savera Times

विमान में शिवराज को मिली टूटी सीट, प्रबंधन से पूछे सवाल, एयर इंडिया ने कहा, शिवराज जी, सॉरी…

Shivraj Singh Taunts Rahul-Kharge

Shivraj Singh Taunts Rahul-Kharge

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया के विमान में स्वयं को खराब और टूटी सीट मिलने का खुलासा करते हुए सवाल किया कि क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है और एयर इंडिया प्रबंधन इसे सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाएगा या जल्दी पहुंचने की यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।चौहान ने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज उन्हें भोपाल से दिल्ली आना था। इसके लिए उन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक एआई 436 में टिकिट करवाया था, जिसमें उन्हें सीट क्रमांक 8सी आवंटित हुई। बैठने पर पता चला कि ये सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी, जिस पर बैठना तकलीफदायक था।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट थी तो आवंटित क्यों की? इस पर विमानकर्मियों ने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए। ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं।

चौहान ने कहा कि सहयात्रियों ने उन्हें सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठने का आग्रह किया, लेकिन किसी और को तकलीफ नहीं देने का फैसला करते हुए उन्होंने उसी सीट पर बैठकर अपनी यात्र पूरी की। उन्होंने कहा कि उनकी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये उनका भ्रम निकला।

 

इसके साथ ही चौहान ने कहा, ‘‘मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।‘‘

सीट पर बैठना तकलीफदायक था: शिवराज
शिवराज सिंह ने इस बात की जानकारी खुद अपने एक्स हैंडल से दी है। केंद्रीय मंत्री को भोपाल से दिल्ली आना था और पूसा में किसान मेले का उद्घाटन करना था। उन्होंने कहा कि मुझे प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के नेताओं से भी मिलना है। इसके लिए मैं फ्लाइट से जा रहा था, लेकिन वहां की व्यवस्था काफी खराब मिली।

एयर इंडिया ने मांगी माफी
एयर इंडिया ने इसके बाद शिवराज सिंह से माफी मांगी। कंपनी ने ट्वीट किया, “आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। कृपया आश्वस्त रहें कि हम भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए इस मामले पर सावधानीपूर्वक विचार कर रहे हैं। हम आपसे बात करने का अवसर पाकर प्रसन्न होंगे।”

ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir: CM उमर अब्दुल्ला ने तिरंगे वाला रिबन काटने से किया इनकार, जमकर हो रही तारीफ

Exit mobile version