Dainik Savera Times

श्रेयस अय्यर ICU में भर्ती, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान पसलियों में लगी थी चोट

खेल डेस्क: भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी। अब खबर है कि उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में ICU में भर्ती कराया गया है। अय्यर को बाईं पसलियों में गहरी चोट लगी है और आंतरिक रक्तस्राव (internal bleeding) पाया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें कड़ी निगरानी में रखा है।

कैसे लगी चोट?

यह हादसा तब हुआ जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने भारतीय गेंदबाज हर्षित राणा की गेंद पर एक ऊंचा शॉट खेला। अय्यर ने बैकवर्ड प्वॉइंट पर शानदार दौड़ लगाकर कैच तो पकड़ लिया, लेकिन गिरते समय उनकी पसलियां जोर से जमीन पर लगीं। दर्द के चलते उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया और फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीसीसीआई का बयान 

बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बताया कि श्रेयस की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चोट गंभीर थी और जानलेवा भी हो सकती थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, आंतरिक रक्तस्राव के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ गया था, इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में ही रखा है।

कम से कम 1 सप्ताह तक रहेंगे हॉस्पिटल

 सूत्रों के मुताबिक, अय्यर को कम से कम एक सप्ताह तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है। भारत लौटने से पहले उनकी पूरी तरह जांच होगी और फिटनेस रिपोर्ट तैयार की जाएगी। अभी यह कहना मुश्किल है कि वह कब तक मैदान पर वापसी कर पाएंगे। 31 वर्षीय अय्यर टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, जो 29 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में खेली जाएगी। ऐसे में वह इस सीरीज से तो बाहर ही रहेंगे, लेकिन उम्मीद है कि सही देखभाल और आराम के बाद जल्द फिट होकर वापसी करेंगे।

Exit mobile version