नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के मौके पर राज्य के लोगों को बधाई दी और इसे एक ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि सिक्किम ने 50 साल पहले लोकतांत्रिक रास्ता अपनाया था और अब यह राज्य विकास, संस्कृति और प्रकृति के मेल का एक बेहतरीन उदाहरण बन चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात “सिक्किम@50” कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से संबोधित करते हुए कही। खराब मौसम की वजह से वह गंगटोक नहीं पहुंच सके। इस पर उन्होंने सिक्किम की जनता से माफी भी मांगी और भरोसा दिलाया कि वे आगे किसी समारोह में जरूर शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम ने 50 साल पहले लोकतंत्र का रास्ता चुना और आज ये साफ हो गया है कि यह फैसला बिल्कुल सही था। सिक्किम न सिर्फ भौगोलिक रूप से भारत का हिस्सा है बल्कि भारत की आत्मा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि आज सिक्किम देश का एक ऐसा राज्य है जहां प्रति व्यक्ति आय सबसे ज्यादा है। ये यहां के लोगों की मेहनत और संकल्प का नतीजा है। उन्होंने ये भी बताया कि सिक्किम 100% जैविक खेती करने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है और यहां की जैव विविधता, संस्कृति और विरासत पूरे देश में खास पहचान बना चुकी है।
पूर्वोत्तर भारत के विकास पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि 2014 में सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ काम किया है। उन्होंने पूर्वोत्तर को विकास की धारा में लाने के लिए खास योजनाएं चलाई हैं और ‘एक्ट ईस्ट’ नीति को तेजी से लागू किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वोत्तर में नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब हालात बदल चुके हैं। अकेले सिक्किम में ही 400 किलोमीटर नए नेशनल हाईवे बने हैं और गांवों में 100 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों का निर्माण हुआ है। अटल सेतु की वजह से सिक्किम और दार्जिलिंग के बीच यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई है।

वर्चुअल तरीके से किया उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम में कई बड़ी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास वर्चुअल तरीके से किया। इनमें प्रमुख हैं: नामची में नया जिला अस्पताल जोकि 500 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल 750 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। पेलिंग में पैसेंजर रोपवे, पर्यटकों के लिए यह एक नई सुविधा होगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गंगटोक में अटल अमृत उद्यान, इसमें भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की गई है।
डाक टिकट जारी किया
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वह इस ऐतिहासिक पल में भले ही शामिल नहीं हो सके, लेकिन राज्य की जनता उन्हें देखने के लिए उत्सुक थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वह वर्षभर चलने वाले इस स्वर्ण जयंती समारोह के किसी कार्यक्रम में जरूर आएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को एक मजबूत और साहसी देश के रूप में स्थापित किया है। सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने पर एक विशेष स्मारक सिक्का, एक स्मारिका और एक डाक टिकट भी प्रधानमंत्री की मौजूदगी में जारी किया गया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...