नेशनल डेस्क : हरियाणा में मशहूर हरियाणवी मॉडल और म्यूजिक वीडियो एक्ट्रेस शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस केस में पुलिस ने शीतल के शादीशुदा प्रेमी सुनील को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सुनील को कल रात गिरफ्तार किया गया और उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आइए जानते है पूरे मामले को विस्तार से…
मरने से पहले प्रेमी सुनील के साथ थी शीतल
आपको बता दें कि पानीपत के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या से पहले शीतल अपने प्रेमी सुनील के साथ ही थी। पुलिस को यह जानकारी तब मिली जब पानीपत के एक नहर में सुनील की कार बरामद की गई। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि शीतल की हत्या सुनील ने ही की है।
बहन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
शीतल की बहन नेहा चौधरी ने पानीपत के मतलौडा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 23 वर्षीय शीतल 14 जून को एक म्यूजिक वीडियो शूट के लिए अहर गांव गई थी, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। नेहा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। पुलिस को बाद में शीतल उर्फ सिम्मी का शव सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र की एक नहर में मिला। जब शव बरामद किया गया तो उस पर चोट के निशान भी पाए गए। शव की पहचान शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी के रूप में हुई। वह म्यूजिक वीडियो में काम करती थी और पानीपत में अपनी बहन के साथ रहती थी।
14 जून को शूटिंग के लिए गई थी, फिर नहीं लौटी
शीतल 14 जून को अहर गांव में एक कार्यक्रम (शूटिंग) के लिए गई थी। उस दिन के बाद से ही वह लापता थी। उसी दिन शीतल के परिवार ने पुलिस को एक कॉल करके जानकारी दी थी कि उसके पुरुष मित्र (सुनील) ने उसके साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने DSP स्तर पर की पुष्टि
पानीपत के डीएसपी सतीश कुमार और डीएसपी राजबीर सिंह ने पुष्टि की है कि शीतल की हत्या हुई है, और इस मामले में गिरफ्तार किया गया सुनील मुख्य आरोपी है। मामले में और भी खुलासे पूछताछ के बाद सामने आ सकते हैं।
जांच जारी, आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि हत्या किस तरह से और क्यों की गई। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या इसमें और कोई शामिल था। आरोपी सुनील से पुलिस की पूछताछ चल रही है, और जल्द ही केस को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

