Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के विवादित मंत्री संदीप सिंह के घर छेड़छाड़ मामले में SIT ने किया सीन रीक्रिएट, लम्बी चली पूछताछ

January 4, 2023

हरियाणा के विवादित मंत्री संदीप सिंह के घर छेड़छाड़ मामले में SIT ने किया सीन रीक्रिएट, लम्बी चली पूछताछ

चंडीगढ़: छेड़छाड़ मामले में हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रहीं हैं। जूनियर कोच द्वारा बार-बार छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाने के बाद आखिरकार अब जाकर एसआईटी की टीम ने संदीप सिंह से पूछताछ की। मंत्री के घर पहुंची एसआईटी की टीम ने करीब साढ़े 4 घंटे तक संदीप सिंह से पूछताछ की। इस दौरान पीड़ित महिला भी वहीं मौजूद रही और एसआईटी की टीम ने सीन भी रीक्रिएट किया।

दरअसल पीड़ित महिला कोच ने जो आरोप लगाए हैं और जो घटना क्रम पुलिस को बताया है, वह संदीप सिंह के इसी सरकारी आवास का है। इसलिए महिला कोच को क्राइम सीन को रीक्रिएट करने के लिए मौके पर लाया गया और वह जहां-जहां गई पुलिस ने हर चीज़ को अच्छे से जांचा और क्रमबद्ध तरीके से मैपिंग किया। हो सकता है कि इसके बाद खेल मंत्री को कभी भी पुलिस पूछताछ के लिए सेक्टर 26 थाने बुला सकती है, या फिर उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

वहीं पीड़िता की वकील दीपांशु बंसल ने कहा कि, शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस को आरोपी के खिलाफ धारा 376 और 511 भी लगानी चाहिए थी। वकील ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि पुलिस इन्वेस्टिगेशन के बाद आरोपी पर इन दोनों धाराओं को भी एफआईआर में जोड़ा जाएगा अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे कोर्ट जाएंगे।

क्या है पूरा मामला
नेशनल एथलीट और जूनियर कोच ने 29 दिसंबर 2022 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए थे। पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा था कि मंत्री संदीप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए उससे कॉन्टैक्ट किया और फिर कहा कि मेरी बात मानने पर सभी सुविधाएं और मनचाही जगह पोस्टिंग मिलेगी। जब मैंने उसकी बात नहीं मानी तो मेरा तबादला कर दिया गया यहां तक कि मेरी ट्रेनिंग भी रोक दी गई।

पीड़िता ने यह भी बताया कि उसने मीडिया के सामने आने से पहले मामले की शिकायत डीजीपी कार्यालय, सीएम हाउस और गृह मंत्री अनिल विज को भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं आरोप लगाए जाने के बाद मंत्री संदीप सिंह ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें