Site icon Dainik Savera Times

सीजफायर के बाद हालात हुए सामान्य, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में स्कूल अब भी बंद

Schools closed in Punjab and Rajasthan पंजाब डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर के बाद सीमावर्ती इलाकों में धीरे-धीरे हालात सामान्य होते नज़र आ रहे हैं। पंजाब के 18 जिलों में आज स्कूल और कॉलेज दोबारा खुल गए हैं, जिससे जीवन सामान्य पटरी पर लौटता दिख रहा है। हालांकि, कुछ इलाकों में अब भी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। इनमें अमृतसर, फिरोजपुर, तरनतारन और पठानकोट जैसे सीमावर्ती जिले शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी तरह से सुरक्षा की स्थिति पर भरोसा नहीं बन जाता, तब तक इन क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

राजस्थान के चार जिलों में भी स्कूल बंद

राजस्थान में भी हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। देर रात ब्लैकआउट के बाद आज सुबह माहौल शांतिपूर्ण रहा और लोग रोज़मर्रा की गतिविधियों की ओर लौटते नज़र आए। हालांकि, जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती जिलों में स्कूल और कॉलेज आज भी बंद रखे गए हैं। साथ ही, इन जिलों में आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि हमले के दौरान भारी दहशत का माहौल बन गया था। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे थे। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया था, जिसे अब स्थिति के सामान्य होने पर कई जिलों में वापस लिया जा रहा है।

DGMO स्तर पर अहम बैठक आज दोपहर 12 बजे

भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच आज दोपहर 12 बजे महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। भारत की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और पाकिस्तान की ओर से मेजर जनरल काशिफ चौधरी इस बैठक में शामिल होंगे। यह वार्ता 10 मई को घोषित सीजफायर के बाद की पहली औपचारिक बातचीत होगी, जिसमें दोनों देश सीमा पर भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। भारतीय सेना ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अगर सीजफायर का फिर से उल्लंघन किया गया, तो उसका जवाब कड़े और निर्णायक तरीके से दिया जाएगा।

Exit mobile version