नई दिल्ली: जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को “मृत अर्थव्यवस्था” बताया था। देवेगौड़ा ने न सिर्फ ट्रंप की आलोचना की, बल्कि उन विपक्षी नेताओं को भी आड़े हाथों लिया जो इस बयान पर खुश हो रहे हैं।
छोटे व्यापारी और किसान सिखा सकते हैं ट्रंप को सबक
देवेगौड़ा ने कहा, “हर किसी की तरह, मैं भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भारत और भारतीय अर्थव्यवस्था पर बेबाक और बेरुखी भरी टिप्पणियों से हैरान हूूं। मुझे नहीं लगता कि आधुनिक इतिहास में कोई ऐसा राष्ट्राध्यक्ष हुआ है जो इतना अस्थिर, असभ्य और गैर-ज़िम्मेदार रहा हो… भारत का एक छोटा व्यापारी और एक गरीब किसान भी, जो अपना व्यवसाय बड़ी गरिमा, ईमानदारी और मानवता के साथ करता है, ट्रम्प को कई सबक सिखा सकता है।”
मोदी सरकार की तारीफ, झुकने से इनकार
पूर्व प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने ट्रंप की धमकियों के सामने कभी घुटने नहीं टेके। देवेगौड़ा बोले, “यह सरकार ट्रंप की धौंस के आगे नहीं झुकी है। मोदी सरकार ने छोटे व्यापारियों, किसानों और मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। इससे भारत में एक बड़ा राष्ट्रीय पुनरुत्थान होगा।”
विपक्षी नेताओं को चेतावनी
देवेगौड़ा ने उन विपक्षी नेताओं को चेतावनी दी जो ट्रंप के बयान पर खुश हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे नेताओं को अपने बर्ताव से अपनी पार्टियों को नुकसान नहीं पहुँचाना चाहिए। अगर वे ट्रंप के भ्रामक प्रवक्ता बनने की कोशिश करेंगे, तो इतिहास उन्हें ट्रंप के साथ ही कूड़ेदान में फेंक देगा।”

