Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

आतंकी हमले में घायल जवान शहीद, मिलिट्री स्टेशन पर छिपकर गोली चलाई; सर्च ऑपरेशन जारी

September 2, 2024

आतंकी हमले में घायल जवान शहीद, मिलिट्री स्टेशन पर छिपकर गोली चलाई; सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू। जम्मू में सोमवार को एक सैन्य शिविर की संतरी चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में घायल सेना का एक जवान शहीद हो गया। हमलावरों का पता लगाने और उनका खात्मा करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी है। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सुबह करीब 10 बजकर 50 मिनट पर जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित सुंजवान सैन्य स्टेशन पर कुछ राउंड गोलीबारी हुई। घटना में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रवक्ता ने संतरी चौकी पर गोलीबारी करने वाले हमलावरों के बारे में विस्तृत जानकारी दिए बगैर बताया कि हमलावारों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है और इस संबंध में आगे जानकारी दी जाएगी।

 

इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी में सबसे बड़े सुरक्षा शिविरों में से एक की सुरक्षा में तैनात सेना की एक चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों ने कुछ राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद कुछ देर के लिए गोलीबारी हुई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और फरार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने सेना के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया।

इससे पहले भी  तीन सैनिक शहीद हो गए थे
अधिकारियों ने कहा कि तलाश अभियान जारी है लेकिन आतंकवादियों से अब तक सामना नहीं हुआ है। इससे पहले फरवरी 2018 में आतंकवादियों ने सुंजवान सैन्य शिविर पर हमला किया था। इस घटना में तीन सैनिक शहीद हो गए थे और एक नागरिक की मौत हो गई थी। वहीं घटना में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें