
नेशनल डेस्क : देश में मानो नियम और कानून तो केवल आम भारतीयो के लिए ही रह गया हो। जी हां, बता दें कि मुंबई में एक बार फिर राजनीति, सामाजिक तनाव और सेलिब्रिटी कनेक्शन की वजह से एक मामला सुर्खियों में आ गया है। अभिनेत्री राखी सावंत की करीबी दोस्त राजश्री मोरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता जावेद शेख के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि 6 जुलाई की रात को मनसे नेता का बेटा राहिल जावेद शेख नशे में धुत होकर उनकी कार में टकरा गया और फिर गालियां, धमकी और अभद्र व्यवहार करने लगा। वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
अर्धनग्न हालत में दिख रहा MNS नेता का बेटा
आपको बता दें कि राजश्री मोरे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें आरोपी राहिल शेख अर्धनग्न हालत में दिख रहा है। वह न केवल कार टक्कर के बाद गाली-गलौज करता है, बल्कि पुलिस के सामने भी धमकी भरे अंदाज में कहता है कि “मैं जावेद शेख का बेटा हूं, जाओ शिकायत करो, फिर देखना क्या होता है।”
पुलिसकर्मियों के साथ भी कर रहा अभद्रता
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में राहिल पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र भाषा में बहस करता नजर आता है। वह बार-बार अपने पिता की राजनीतिक हैसियत का हवाला देकर खुद को बचाने की कोशिश करता है। राजश्री ने इसकी FIR की कॉपी भी सोशल मीडिया पर शेयर की है।
View this post on Instagram
मराठी बनाम प्रवासी विवाद
बता दें कि राजश्री कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया वीडियो के कारण विवादों में आ गई थीं। उन्होंने वीडियो में कहा था कि “मराठी भाषा थोपने के बजाय, स्थानीय लोगों को मेहनत करना सिखाना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा था कि अगर प्रवासी मुंबई छोड़ दें, तो मराठी समुदाय की हालत और खराब हो जाएगी। उनकी इस टिप्पणी के बाद वर्सोवा इलाके के मनसे कार्यकर्ताओं ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजश्री को वीडियो डिलीट करना पड़ा और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी।
मनसे कर रही है टारगेट
वहीं राजश्री का कहना है कि उन्हें मराठी भाषा और मनसे की राजनीति के खिलाफ बोलने की सजा दी जा रही है। उनके मुताबिक, यह हमला पूर्व नियोजित बदले की कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि मनसे समर्थक सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें ट्रोल कर रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं।
अब आगे क्या?
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। हालांकि अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि क्या राहिल शेख को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। इस बीच राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि इसमें राजनीति, भाषा विवाद और महिला सुरक्षा जैसे कई संवेदनशील मुद्दे जुड़े हैं।