खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को एसए20 लीग के नए सत्र से पहले प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। फ्रैंचाइजी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पुष्टि की। टीम ने लिखा, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि सौरव गांगुली हमारे नए मुख्य कोच हैं।” गौरतलब है कि यह गांगुली का किसी भी पेशेवर क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के तौर पर पहला कार्यकाल होगा।
पहली बार मुख्य कोच के तौर पर मिला है मौका
सौरव गांगुली अब पहली बार किसी फ्रेंचाइजी क्रिकेट टीम के हेड कोच के रूप में काम करेंगे। इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स में 2018-19 और 2022-24 के बीच टीम डायरेक्टर के पद पर काम किया था। लेकिन अब यह पहला मौका होगा जब वह किसी टीम के मुख्य कोच के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। यह बदलाव इसलिए हुआ क्योंकि इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट ने टीम छोड़ दी थी। ट्रॉट केवल एक सीजन के लिए हेड कोच थे और 2025 एसए20 सीजन से पहले उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी। लेकिन टीम ने 10 ग्रुप मैचों में केवल 2 जीत हासिल की और नॉकआउट तक नहीं पहुंच सकी।
गांगुली का शानदार रहा है क्रिकेट करियर
सौरव गांगुली को भारत के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक माना जाता है। उन्होंने भारत के लिए 113 टेस्ट मैच और 311 वनडे मैच खेले हैं। इन दोनों फॉर्मेट में उन्होंने 18,000 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने 2003 के वर्ल्ड कप में भारत को फाइनल तक पहुँचाया था। इसके अलावा, बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने भारतीय क्रिकेट को कई बार नेतृत्व दिया। पहले भी सौरव गांगुली ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा था कि उन्होंने कभी टीम इंडिया को कोचिंग देने के बारे में सोचा नहीं, लेकिन अगर भविष्य में मौका मिला तो वह इसके लिए तैयार रहेंगे।

