नेशनल डेस्क: भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव की टिप्पणी पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को राम गोपाल यादव के बयान को “जातिवादी और राष्ट्रविरोधी” करार दिया और कहा कि सपा के नेता देश को आगे बढ़ता नहीं देखना चाहते।
गौरव भाटिया का बयान
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, “जब पूरा देश ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना पर गर्व कर रहा है, तब सपा नेता जातिवादी और राष्ट्रविरोधी बयान दे रहे हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम गोपाल यादव को विंग कमांडर का नाम तक नहीं पता, लेकिन वो उनके धर्म और जाति पर टिप्पणी कर रहे हैं। गौरव भाटिया ने कहा, “अगर अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव ने कानून पढ़ा होता तो समझते कि ऐसी जातिवादी टिप्पणी SC/ST एक्ट के तहत अपराध है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि अखिलेश यादव इस पर कोई कार्रवाई करेंगे।”
राम गोपाल यादव की सफाई
इस विवाद पर राम गोपाल यादव ने अपनी सफाई देते हुए कहा, “मैंने यह नहीं कहा कि विंग कमांडर व्योमिका सिंह की जाति के कारण उन्हें तवज्जो मिली। मैंने एक कार्यक्रम में कहा था कि कुछ लोग धर्म और जाति के आधार पर सेना के अधिकारियों को गालियां देते हैं।” उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वो मुस्लिम हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर व्योमिका सिंह की जाति (जाटव) और एयर मार्शल भारती की जाति (यादव) इन लोगों को पता होती, तो शायद उन्हें भी गालियां दी जातीं।”
योगी सरकार और मीडिया पर हमला
राम गोपाल यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा और कहा, “सीएम योगी ने मेरी बात पूरी सुने बिना ही मेरी आलोचना कर दी। उत्तर प्रदेश में धर्म और जाति के नाम पर लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं, फर्जी मुकदमे और एनकाउंटर हो रहे हैं।” साथ ही उन्होंने कुछ मीडिया चैनलों को “इस्लामाबाद और रावलपिंडी से संचालित” बताते हुए भाजपा का प्रचारक करार दिया।