Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mansa Devi Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़, सात लोगों की मौत; कई घायल

July 27, 2025

Mansa Devi Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़, सात लोगों की मौत; कई घायल

Haridwar Stampede: उत्तराखंड के हरिद्वार में बड़ा हादसा हो गया है। जहां, मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से सात लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है। पुलिस और मेडिकल टीमें मौके पर हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भारी भीड़ के कारण हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ हुई है। हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हर रोज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। रविवार का दिन होने के कारण मंदिर में अधिक भीड़ पहुंच गई। बताया जा रहा है कि भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर में रविवार को अफरा-तफरी मची। धक्का-मुक्की होने के बाद वे एक-दूसरे पर गिरने लगे। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि मंदिर में काफी भीड़ जमा हो गई थी, जिसके कारण भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने मीडिया को बताया कि हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद मची भगदड़ मच गई। भगदड़ में सात लोगों की मौत हो गई।

वहीं, मौके पर जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य आला अधिकारी मौजूद हैं और मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार, कावड़ मेले के बाद भीड़ कम होने की उम्मीद थी, लेकिन छुट्टियों के कारण अचानक श्रद्धालुओं की भारी संख्या मंदिर पहुँच गई। इसी कारण व्यवस्था बिगड़ गई और यह हादसा हुआ। प्रशासन का पहला प्रयास घायलों का उपचार करना है और मृतकों के परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। मंदिर में दर्शन लगातार जारी हैं और भीड़ को नियंत्रित कर धीरे-धीरे अंदर भेजा जा रहा है।

 

 

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

हादसे पर सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। उत्तराखंड एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें