Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बिछाई मौत की तारे…खुद को ही लग गया झटका, दाे लाेगाें की हुई मौत

October 15, 2024

जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बिछाई मौत की तारे…खुद को ही लग गया झटका, दाे लाेगाें की हुई मौत
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली जानवर का शिकार करने के लिए बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आकर करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेला गांव के जंगल में करंट लगने से दो ग्रामीणों नारायण कंवर (35) और टिकेश्वर राठिया (32) की मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि कंवर और राठिया सोमवार को टापरा गांव की ओर मछली पकड़ने के लिए गए थे। शाम को जब वह अपने गांव बेला लौट रहे थे तब वह बिजली के तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि जंगली जानवर का शिकार करने के लिए शिकारियों ने जीआई तार में करंट प्रवाहित कर जंगल में छोड़ दिया था, जिसकी चपेट में दोनों ग्रामीण आ गए।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जंगल में तार बिछाकर करंट प्रवाहित करने वाले लोगों की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें