पंजाब डेस्क: पठानकोट के लोगों के लिए साफ-सफाई और जल निकासी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्थानीय निकाय मंत्री लाल चंद कटारुचक ने डेरा बाबा बसंतपुरी में आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का विधिवत उद्घाटन किया। यह परियोजना लगभग 4.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी और इसके शुरू होने से करीब 12,000 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
-अत्याधुनिक STP प्लांट का हुआ शुभारंभ
यह STP प्लांट विशेष रूप से वार्ड नंबर 43, 44 और 47 के लिए वरदान साबित होगा, जहां वर्षों से लोग सीवरेज संबंधित समस्याओं से जूझ रहे थे। अब इस प्लांट के जरिए सीवेज का वैज्ञानिक ढंग से शुद्धिकरण किया जाएगा, जिससे ना केवल गंदगी कम होगी, बल्कि स्थानीय जल स्रोतों की भी रक्षा होगी। मंत्री कटारुचक ने उद्घाटन अवसर पर कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें। यह STP प्लांट साफ-सुथरे और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
-आस-पास के गाँवों को मिलेगा लाभ
डेरा बाबा बसंतपुरी सहित आस-पास के 4-5 गांवों को भी इस परियोजना से लाभ मिलेगा। यहां के लोगों को अब जलजमाव और सीवेज से जुड़ी परेशानियों से निजात मिलेगी। स्वच्छता और स्वच्छ जल निकासी के बेहतर इंतजामों से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम है, बल्कि सरकार के ‘स्वच्छ भारत’ मिशन के तहत उठाया गया एक प्रभावशाली कदम भी है।
-स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
STP प्लांट की घोषणा और निर्माण शुरू होने से स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह है। उनका मानना है कि इससे उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा। इस परियोजना को लेकर पठानकोटवासियों में नई उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकासात्मक कार्य देखने को मिलेंगे।

