इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के बोलान इलाके में सोमवार को सेना की एक गाड़ी पर बड़ा हमला हुआ। यह हमला उस समय हुआ जब सेना की टीम इलाके में रोज़ की तरह गश्त कर रही थी। स्थानीय खबरों के मुताबिक, धमाका इतना तेज़ था कि गाड़ी पूरी तरह तबाह हो गई।
अधिकारी समेत 6 जवानों की मौत
इस हमले में एक सैन्य अधिकारी समेत कुल 6 जवानों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल ले जाया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
अब तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, बोलान का यह इलाका पहले भी कई बार चरमपंथी हमलों का शिकार रह चुका है, और यहां सेना पर हमले आम बात बन चुके हैं। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस हमले की जांच में जुट गई हैं और इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बता दें कि, इससे पहले बलूच लिबरेशन आर्मी ने IED के जरिए सेना के काफिले को निशाना बनाया था। यह हमला बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के मारगट इलाके में किया था। इस हमले में 10 पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए थे। शुक्रवार को हुए इस हमले की पुष्टि खुद BLA ने की थी।

