Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal में संवैधानिक परंपराओं को तार-तार कर रही सुक्खू सरकार : Jai Ram Thakur

November 16, 2024

Himachal में संवैधानिक परंपराओं को तार-तार कर रही सुक्खू सरकार : Jai Ram Thakur

Sukhu Government : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सुक्खू सरकार को प्रदेश के इतिहास की सबसे अलोकप्रिय, झूठी और असफल सरकार करार दिया। जयराम ठाकुर ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि सत्ता में आने के पहले दिन से ही सुक्खू सरकार ने संवैधानिक परंपराओं और प्रदेश की गरिमा का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सुक्खू ने स्वयं शपथ लेने से पहले मुख्य संसदीय सचिवों को शपथ दिलाकर संविधान का मजाक उड़ाया। हाल ही में हाई कोर्ट ने इन नियुक्तियों को रद्द कर दिया, जो सरकार की असफलता का प्रमाण है। अब सरकार इन 6 विधायकों की सदस्यता रद्द करने से बचा रही है, जबकि यह संवैधानिक दृष्टि से अनिवार्य है। भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेगी।

जनता का विश्वास टूटा, गारंटियां खोखली साबित

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियां हिमाचल में पूरी तरह विफल रही हैं। दूसरे राज्यों में जाकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इन खोखली गारंटियों का प्रचार कर रहे हैं , लेकिन जनता ने सच्चाई समझ ली है। हरियाणा में हिमाचल की गारंटियों के नाम पर कांग्रेस को नकारा गया, और अब महाराष्ट्र व झारखंड में भी कांग्रेस का यही हश्र होगा।

भ्रष्टाचार और अपनो को लाभ पहुंचाने का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार को “मित्रों की सरकार” बताते हुए कहा कि इस सरकार ने अपने करीबी मित्रों और सलाहकारों को कैबिनेट रैंक और अन्य लाभ देकर सरकारी खजाने को लूटने का काम किया है। भ्रष्टाचार के मामलों में मुख्यमंत्री के आसपास के लोग भी शामिल हैं। यहां तक कि ईडी द्वारा जांच और छापेमारी हो रही है। इसके बावजूद सुक्खू सरकार माफिया के हाथों में खेल रही है।

रोजगार के वादों पर विफलता

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने एक लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में युवाओं को नौकरी से निकाला जा रहा है। बिजली बोर्ड, श्रम रोजगार विभाग सहित कई विभागों में नियमित छंटनी हो रही है। भाजपा युवाओं के साथ खड़ी है और उनके हितों के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेगी।

सुक्खू सरकार के कार्यकाल ने हिमाचल को पीछे धकेला

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश को 15 साल पीछे ले गए हैं। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सरकार ने रिकॉर्ड स्तर पर लूट-खसोट मचाई है। भ्रष्टाचार हर विभाग में व्याप्त है और सरकार को अपनी नियुक्तियों तक पर भरोसा नहीं। इसके लिए बड़े वकीलों की फौज तैनात की जा रही है, जिससे सरकारी खजाने पर भारी बोझ पड़ रहा है।

जनता देगी करारा जवाब

जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता ने कांग्रेस सरकार से विश्वास उठाकर हाई कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया है। आने वाले समय में हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की गरिमा को बचाने के लिए भाजपा हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें