Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

पहलगाम हमले पर कांग्रेस का सरकार पर निशाना, कहा- 14 दिन बाद भी जवाब का इंतजार

May 6, 2025

पहलगाम हमले पर कांग्रेस का सरकार पर निशाना, कहा- 14 दिन बाद भी जवाब का इंतजार

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले को लेकर कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 14 दिन बीतने के बावजूद देश को वह जवाब नहीं मिला, जो पाकिस्तान की रूह कंपा दे।

14 दिन हो गए, पूरा देश आक्रोशित: श्रीनेत
श्रीनेत ने सरकार की चूक पर सवाल उठाए। श्रीनेत ने कहा, ‘14 दिन हो गए, पूरा देश आक्रोशित और उद्वेलित है। लोग ऐसा जवाब चाहते हैं कि पाकिस्तान की रूह कांप जाए।‘ उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शहीद विनय नरवाल की पत्नी और शहीद शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कश्मीर में घायलों और स्थानीय लोगों से भी मिले। उन्होंने सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लिया, जिसमें सरकार ने सुरक्षा चूक स्वीकार की।

2000 लोगों के बीच एक भी सुरक्षाकर्मी क्यों नहीं था?
कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाया, ‘2000 लोगों के बीच एक भी सुरक्षाकर्मी क्यों नहीं था? सरकार ने कहा कि मैदान खुला नहीं था, लेकिन स्थानीय लोग कहते हैं कि यह हमेशा खुला रहता है।‘ उन्होंने इंटेलिजेंस की विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि अखबारों में खबर थी कि हमले की आशंका की जानकारी पहले से थी।

विपक्ष 100 प्रतिशत सरकार के साथ: श्रीनेत
सुप्रिया श्रीनेत ने बीजेपी पर विपक्ष के खिलाफ भद्दे और गंदे आरोप लगाने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘विपक्ष 100 प्रतिशत सरकार के साथ है। हम पूरी मर्यादा बरत रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसी हरकतें कर रही है, जो इस वक्त नहीं होनी चाहिए।‘ उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के 60 साल के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को विपक्ष के सुझावों को गंभीरता से लेना चाहिए और उन पर अमल करना चाहिए।

आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब दे सरकार 
श्रीनेत ने जोर देकर कहा, ‘ऐसे समय में राजनीति बंद होनी चाहिए। देश की सुरक्षा के लिए हम पूरी तरह सरकार के साथ हैं। सरकार को जो ठीक लगे, वह सुरक्षा के लिए करे।‘ उन्होंने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब देने की मांग की, ताकि शहीदों के परिवारों को न्याय मिले और देश का मनोबल ऊंचा हो।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें