Site icon Dainik Savera Times

ISSF World Cup: युवा निशानेबाज Suruchi Singh ने लगातार दूसरे विश्व कप में जीता स्वर्ण पदक, Manu Bhaker को रजत मिला पदक

ISSF World Cup : युवा निशानेबाज सुरुचि इंदर सिंह ने यहां 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए आईएसएसएफ विश्व कप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता, जबकि पेरिस ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में भारत का दबदबा सुनिश्चित किया।

सुरुचि ने लगातार दूसरे विश्व कप में जीता स्वर्ण पदक

हरियाणा के झज्जर की 18 वर्षीय सुरुचि, जिन्होंने हाल ही में ब्यूनस आयर्स में वर्ष के पहले विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था, उन्होंने 24 शॉट के फाइनल में 243.6 अंक बनाकर मनु को 1.3 अंकों से पीछे छोड़ा। चीन की याओ कियानक्सुन ने कांस्य पदक जीता। सुरुचि और मनु के पोडियम पर पहुंचने का मतलब था कि भारत ने उस दिन हर रंग का पदक जीता, जिसमें पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाज सौरभ चौधरी का कांस्य पदक भी शामिल था।

पेरू की राजधानी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत तीन पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद चीन का स्थान है, जिसने पुरुषों की एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल 60 शॉट क्वालीफिकेशन राउंड में सुरुचि ने 582 अंक बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया जबकि मनु ने 578 अंक बनाकर चौथा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। एक अन्य भारतीय निशानेबाज साेनिया 571 अंक के साथ 11वें स्थान पर रहीं। सुरुचि ने ब्यूनस आयर्स में सौरभ के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी जीता।

Exit mobile version