नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से पिटाई का पहला वीडियो सामने आया है। यह 13 मई का बताया जा रहा है, जब स्वाति मालीवाल के साथ सीएम आवास पर मारपीट और बदसलूकी हुई थी। 52 सेकंड के इस वीडियो में स्वाति मालीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर देखा जा सकता है। इस दौरान कुछ कर्मचारी उन्हें बाहर जाने को कहते हैं। वहीं, सीएम केजरीवाल के सहयोगी के साथ नोकझोंक भी सुनाई दे रही है।
वीडियो में स्वाति मालीवाल का विभव कुमार पर गुस्सा भी फूट रहा है। वो कहती हैं, ‘आज मैं इन सब लोगों को बताऊंगी। मैं पहले एसएचओ सिविल लाइंस से बात करूंगी। नहीं.. अब जो होगा, अंदर ही होगा, जो करना है करो.. तुम्हारी नौकरी भी खाऊंगी, अगर मुझे टच किया।‘
वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां मौजूद कर्मचारी स्वाति मालीवाल से रिक्वेस्ट कर रहे हैं। स्वाति मालीवाल कहती हैं, ‘मैंने अभी 112 पर कॉल कर दी है, पुलिस को आने दीजिए, उसके बाद मैं बात करूंगी। ‘इस पर कर्मचारी कहते हैं, ‘पुलिस भी तो बाहर ही आएगी, यहां तक नहीं आएगी ना? ‘फिर, स्वाति मालीवाल कहती है, ‘पुलिस अब अंदर ही आएगी। अब यहां तमाशा होगा। ‘इसके बाद कर्मचारी स्वाति मालीवाल को बाहर आने के लिए कहते हैं। कर्मचारी स्वाति से कहते हैं कि आप पढ़े-लिखे लोग हैं।
स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुए कथित मारपीट और हमले के बारे में जब पुलिस को सब कुछ बताया तो इसके बाद एफआईआर की कॉपी भी सामने आई। एफआईआर में यह बताया गया है कि अरविंद केजरीवाल के घर पर स्वाति के साथ क्या-क्या हुआ था।
एफआईआर कॉपी की मानें तो स्वाति को सीएम आवास पर अरविंद केजरीवाल के करीबी सहयोगी विभव कुमार ने थप्पड़ मारा, पेट पर मारा और लात भी मारी। स्वाति के स्टेटमेंट के बाद उन्हें मेडिकल के लिए एम्स ले जाया गया। वहीं, एमएलसी में यह लिखा है कि स्वाति के चेहरे पर अंदरूनी चोट हैं।
स्वाति ने अपनी तरफ से पुलिस को जो बयान दिया है, उसके अनुसार, ‘वह सीएम आवास के ड्रॉइंग रूम में इंतजार कर रही थीं, जब विभव ने उनके साथ बदतमीजी की। उसने गालियां दी। स्वाति ने बताया, ‘मैं चिल्लाती रही कि मुझे छोड़ दो, जाने दो, लेकिन, वह मुझे मारता रहा और गालियां देता रहा। उसने धमकियां दी कि तुम्हें देख लेंगे, निपटा देंगे।‘

