Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

टी20 विश्व कप को मिली आतंकवादी धमकी, PM कीथ ने कहा- सुरक्षा के चाक चौबंद किये जाएंगे उपाय

May 6, 2024

टी20 विश्व कप को मिली आतंकवादी धमकी, PM कीथ ने कहा- सुरक्षा के चाक चौबंद किये जाएंगे उपाय

इंटरनेशनल। वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 विश्व कप को आतंकवादी धमकी मिली है । त्रिनिदाद के प्रधानमंत्री कीथ रोले ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि इस खतरे से निपटने के लिये मेजबान सुरक्षा उपायों को लेकर अतिरिक्त प्रयास करेगा। एक जून से होने वाले टी20 विश्व कप में भारत समेत 20 टीमें भाग ले रही हैं। मीडिया रिर्पोटों के अनुसार धमकी वेस्टइंडीज को मिली है। वेस्टइंडीज में प्रारंभिक दौर के कुछ मैचों के अलावा पूरा सुपर आठ चरण, सेमीफाइनल और फाइनल खेला जायेगा। रोले ने ‘त्रिनिदाद डेली एक्सप्रेस’ से कहा, ‘‘यह दुर्भाग्य की बात है कि 21वीं सदी में भी दुनिया में आतंकवाद का खतरा अलग-अलग रूपों में बना हुआ है।’’ उन्होंने किसी संगठन का नाम नहीं लिया लेकिन रपटों में कहा गया है कि इस्लामिक स्टेट ने अपने चैनल के जरिये यह धमकी दी है।

रोले ने कहा ,‘‘यह इस पृष्ठभूमि में है कि हमारे क्षेत्र की तरह सभी राष्ट्र जब बड़ी संख्या में लोगों की मेजबानी करते हैं, तो व्यक्त या निहित सभी खतरों को गंभीरता से लेने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा तैयारियों और प्रतिक्रिया तत्परता में अतिरिक्त प्रयास करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज में सभी छह आयोजन स्थलों की पूरे टूर्नामेंट के दौरान कड़ी निगरानी रखी जायेगी ताकि सुरक्षा में कोई सेंध नहीं मार सके। वेस्टइंडीज में विश्व कप मैच एंटीगा और बारबुडा, बारबाडोस, गयाना, सेंट लूसिया, सेंट स्विंसेंट और ग्रेनाडा, त्रिनिदाद और टोबैगो में खेले जायेंगे। अमेरिका में मैच फ्लोरिडा, न्यूयॉर्क और टैक्सास में होंगे। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा कि विश्व कप की फुलप्रूफ सुरक्षा के पूरे उपाय किये जा रहे हैं।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के सीईओ जॉनी ग्रेव्स ने ‘क्रिकबज’ से कहा, ‘‘हम अधिकारियों के साथ मिलकर हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और टूर्नामेंट की सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किये जा रहे हैं ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी हितधारकों को टी20 विश्व कप की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त करना चाहते हैं। हमने व्यापक और मजबूत सुरक्षा योजना बनाई है।’’ आईसीसी ने संपर्क करने पर उसके प्रतिनिधि ने कहा कि उनका पक्ष क्रिकेट वेस्टइंडीज के समान ही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें