Site icon Dainik Savera Times

आपदा में मांगी जाने वाली हर सहायता पर करें त्वरित कार्रवाई : CM Pushkar Dhami

CM Pushkar Singh Dhami

CM Pushkar Singh Dhami

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान, निर्देश दिए कि शासन के वरिष्ठ अधिकारी अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का निरंतर अनुश्रवण करें। धामी ने कहा कि जिलाधिकारियों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जो भी सहायता की मांग की जा रही है, उस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सहयोग प्रदान किया जाए। इसके साथ, उनके निर्देश पर केदारनाथ यात्रा मार्ग के प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के रेस्टोरेशन के लिए आयुक्त, गढ़वाल मण्डल, विनय शंकर पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सीएम धामी ने निर्देश दिए हैं कि सचिव आपदा प्रबंधन, सचिव लोक निर्माण विभाग तथा ऊर्जा विभाग के उच्च अधिकारी तत्काल जनपद रूद्रप्रयाग का दौरा करते हुए रेस्क्यू और रेस्टोरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने आज जिलाधिकारी, रूद्रप्रयाग से वर्चुअल माध्यम से वार्ता करते हुए निर्देश दिए कि श्री केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन को जल्द सुचारू किए जाने के प्रयास किए जाएं। पैदल यात्रा मार्ग पर फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और उनको भोजन की समुचित व्यवस्था रखी जाए। श्रद्धालुओं के परिजनों को उनकी कुशलक्षेम की नियमित अपडेट दी जाए। जारी किए गए हेल्पलाईन नम्बरों का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। मौसम अनुकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को जल्द रेस्क्यू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच के क्षतिग्रस्त 150 मीटर मोटर मार्ग के निर्माण की कार्यवाही जल्द की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं के साथ पुलिस का व्यवहार अच्छा हो। प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत और पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था भी सुचारू रखने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। बैठक में जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग सौरभ गहरवार ने जानकारी दी कि श्री केदारनाथ पैदल मार्ग पर जिन स्थानों पर मलबा आया है, उन पर कार्य गतिमान है। मौसम अनुकूल होने की स्थिति में इन रास्तों को एक सप्ताह में ठीक करा लिया जाएगा।

गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के निर्माण की कार्यवाही भी शुरू की जा रही है। अभी इसमें पैदल चलने की व्यवस्था की जा रही है। शेष मोटर मार्ग पूरा सही है। इस बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, गढ़वाल आयुक्त, विनय शंकर पाण्डेय, एडीजी एपी अंशुमन, आईजी कृष्ण कुमार वीके, महानिदेशक सूचना, बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।

Exit mobile version