नेशनल डेस्क: सूरत से दुबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में गुरुवार को तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से विमान को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। विमान सुबह 9:30 बजे सूरत एयरपोर्ट से दुबई के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कत आने पर सुरक्षा के कारण इसे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट किया गया।
विमान सुबह 11:00 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित लैंडिंग कर गया। अधिकारियों ने बताया कि यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी, बल्कि एहतियात के तौर पर डायवर्ट किया गया। एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत दूसरा विमान उपलब्ध कराया। नया विमान दोपहर 1:45 बजे अहमदाबाद से दुबई के लिए रवाना हुआ। खराबी वाले विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर खड़ा कर दिया गया है। अब तकनीकी इंजीनियर इसकी जांच कर रहे हैं ताकि खराबी का कारण पता चल सके। सभी 150 यात्री सुरक्षित हैं और उनकी आगे की यात्रा में कोई परेशानी नहीं आई।
ICRA की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल भारतीय विमानन उद्योग को 9,500 से 10,500 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। पिछले साल (FY 24-25) यह नुकसान लगभग 5,500 करोड़ रुपये था। नुकसान बढ़ने के पीछे मुख्य कारण हैं, भू-राजनीतिक हालात, व्यापार पर असर डालने वाली नीतियां, विमान हादसों के बाद यात्रियों की हिचकिचाहट और यात्रा की धीमी गति।