Dainik Savera Times

BIG BREAKING : तेज प्रताप पर लालू यादव का बड़ा फैसला, पार्टी और परिवार से किया बेदखल

नेशनल डेस्क : बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है और सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी ताकत दिखाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच राजद प्रमुख लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को घर और पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इस फैसले की जानकारी लालू यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दी है। बीते कल तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके राजनीतिक हलचल मचा दी थी। तेज प्रताप ने इस पोस्ट में खुलासा किया कि वे पिछले 12 सालों से अनुष्का यादव के साथ प्रेम संबंध में हैं। इसके बाद आज लालू ने अपने बेटे पर यह बड़ी कार्रवाई की है।

बड़े बेटे के आचरण हमारे अनुरूप नहीं: लालू यादव
बता दें कि लालू यादव ने एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।

अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।

मेरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को हैक कर लिया
बीते दिन यानी शनिवार को तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी थी कि मेरा अनुष्का यादव के साथ पिछले 12 साल से संबंध है। उन्होंने आगे लिखा कि मैं इस खबर को आपसे बहुत समय पहले शेयर करना चाहता था पर मुझे यह समझ नहीं आ रहा था कि मैं यह बात आपसे कैसे कहूँ…

हालांकि, कुछ ही देर के बाद उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया था। जिसके बाद आज यानी रविवार को उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा मेरा एक्स अकाउंट हैक हो चुका है। आप इस खबर पर ध्यान न दें। यह खबर केवल अफवाह मात्र है।

वे मेरे बड़े भाई है, पर यह सब ठीक नहीं
वहीं अब इस पूरे मामले पर लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव का ने कहा कि नीजि जीवन अलग होता है। अब तेज प्रताप को अपना फैसला खुद लेना चाहिए। उन्होंने कहा, वे मेरे बड़े भाई है, पर ये सब ठीक नहीं है। हम पार्टी अध्यक्ष के निर्णय का सम्मान करते है। हम लालू यादव के फैसले के साथ है।

यह घटना बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव के माहौल में राजनीतिक गहमागहमी को और बढ़ा रही है। राजद परिवार के इस विवाद ने जनता और पार्टी समर्थकों के बीच भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी यह देखना होगा कि तेज प्रताप यादव और राजद पार्टी इस मामले को किस तरह संभालती है और इसका चुनावी राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

Exit mobile version