Dainik Savera Times

‘हम ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं…’, तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकालने पर बोले तेजस्वी यादव

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके अलावा, उन्होंने तेज प्रताप को परिवार से भी बाहर कर दिया है। इस घटनाक्रम के बाद लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने इस पर अपना बयान दिया।

तेजस्वी यादव का बयान
तेजस्वी यादव ने कहा, “हम ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम बिहार की जनता के लिए काम कर रहे हैं और उनके लिए समर्पित हैं।” उन्होंने आगे कहा कि, “राजनीतिक जीवन और निजी जीवन अलग-अलग हैं, और मेरे बड़े भाई को अपने निजी फैसले लेने का पूरा अधिकार है।”

तेजस्वी ने यह भी कहा, “वह (तेज प्रताप) वयस्क हैं और अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। हमारे पार्टी प्रमुख लालू यादव जी ने यह साफ कर दिया है और हमने उनकी भावना को स्वीकार किया है। हम इस पर सवाल नहीं उठाते। वह (तेज प्रताप) अपने निजी जीवन में क्या कर रहे हैं, वह उन्हें खुद तय करने का अधिकार है।” तेजस्वी ने यह भी बताया कि तेज प्रताप को पार्टी से निकाले जाने की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली।

परिवार और पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित
इसके बाद आज यानी रविवार को राजद प्रमुख लालू यादव ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को परिवार और पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया  है। इस फैसले की जानकारी लालू यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दी है।

तेज प्रताप और अनुष्का यादव का मामला
हाल ही में तेज प्रताप यादव का नाम एक लड़की अनुष्का यादव के साथ जोड़ा गया था। शनिवार को तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया कि वह पिछले 12 साल से अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप में हैं और दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। इस पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की गई थी। हालांकि, इस पोस्ट के कुछ ही देर बाद तेज प्रताप ने उसे डिलीट कर दिया और दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था।

Exit mobile version