Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा, निर्णायक कार्रवाई करेंगे’, पहलगाम हमले पर बोले पीएम मोदी

May 3, 2025

‘आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा, निर्णायक कार्रवाई करेंगे’, पहलगाम हमले पर बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर बात करते हुए कहा कि इस हमले का निर्णायक बदला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा, “हम सभी इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है। मैं पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए राष्ट्रपति लौरेंको और अंगोला का धन्यवाद करता हूं।”

निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध: PM मोदी 
पीएम मोदी ने आगे कहा, “हम आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अंगोला के समर्थन के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।”

भारत-अंगोला के रिश्तों का ऐतिहासिक पल
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लौरेंको और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा, “38 साल बाद अंगोला के राष्ट्रपति भारत आए हैं, यह हमारे संबंधों के लिए एक नई दिशा की शुरुआत है। साथ ही, यह भारत और अफ्रीका के रिश्तों को भी मजबूत करेगा। हम दोनों देशों के बीच राजनीतिक रिश्तों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। जब अंगोला अपनी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर रहा था, तब भारत ने उसका साथ दिया था। आज हम दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

 

पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि भारत अंगोला की सशस्त्र सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 200 मिलियन डॉलर की रक्षा ऋण सहायता प्रदान करेगा। इसके अलावा, भारत और अंगोला के ऊर्जा संबंधों को भी और मजबूत करने का फैसला लिया गया है, क्योंकि भारत अंगोला के तेल और गैस का एक प्रमुख खरीदार है।

अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष पद के लिए अंगोला को शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष पद के लिए अंगोला को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी-20 की स्थायी सदस्यता मिली। भारत और अफ्रीकी देशों ने औपनिवेशिक शासन के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई है, और आज हम वैश्विक दक्षिण के हितों की रक्षा के लिए एक साथ खड़े हैं।”


भारत-अफ्रीका सहयोग में तेजी
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दशक में भारत और अफ्रीका के बीच सहयोग में बहुत तेजी आई है। भारत और अफ्रीका का आपसी व्यापार अब लगभग 100 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। इसके अलावा, रक्षा सहयोग और समुद्री सुरक्षा पर भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पिछले महीने भारत और अफ्रीका के बीच पहला नौसैनिक समुद्री अभ्यास भी हुआ था।

भारत ने अफ्रीका में 17 नए दूतावास खोले
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने अफ्रीका में 17 नए दूतावास खोले हैं, और अफ्रीका को 12 बिलियन डॉलर से अधिक की क्रेडिट लाइनें दी हैं। इसके अलावा, अफ्रीकी देशों को 700 मिलियन डॉलर की जमीनी सहायता भी दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें