नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार, 26 मई 2025 को एक कार्यक्रम में कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और पूरी दुनिया को साफ संदेश दे दिया है कि अब आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहलगाम हमले के बाद भारत की बड़ी कार्रवाई
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में आतंकवादियों के ठिकानों पर सटीक बमबारी की गई और उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया गया।
सिन्दूर मिटाने वालों का खुद मिटना तय
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का रुख साफ था, “जो हमारी बहनों का सिन्दूर मिटाएंगे, उन्हें इस धरती पर जीने का हक नहीं।” उन्होंने बताया कि पूरे देश ने एकजुट होकर देशभक्ति का परिचय दिया और दुनिया को भारत की ताकत दिखाई।
दुनिया ने माना भारत का पराक्रम
धनखड़ ने कहा कि भारत ने आतंक के खिलाफ जिस तरह से बहावलपुर, मुरीदके और अन्य जगहों पर सटीक बमबारी की, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। पाकिस्तान के सैनिक और नेता खुद ताबूतों के साथ खड़े दिखाई दिए, इसलिए अब किसी को सबूत की जरूरत नहीं रही। उपराष्ट्रपति ने बताया कि 70 साल से जो फैसला नहीं लिया गया, वो पीएम मोदी ने किया सिंधु नदी का पानी पाकिस्तान जाने से रोका गया, क्योंकि “खून और पानी साथ नहीं बह सकते”।
देश बना चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
इस मौके पर धनखड़ ने 116 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की नींव रखी। उन्होंने कहा कि भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया है। जल्द ही भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर आ जाएगा।

