Site icon Dainik Savera Times

पीएम मोदी ने पाकिस्तान को घेरा, कहा- आतंकी गतिविधियां सिर्फ छद्म युद्ध नहीं, युद्ध की साजिश

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद मारे गए आतंकवादियों को पाकिस्तान में राजकीय सम्मान दिया गया था। प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि आतंकवादियों के ताबूतों पर पाकिस्तान का झंडा लपेटा गया और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों ने उन्हें सलामी दी। इस घटना को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि यह केवल छद्म युद्ध नहीं, बल्कि पाकिस्तान की तरफ से एक जानबूझकर युद्ध की रणनीति है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हम इसे छद्म युद्ध नहीं कह सकते, क्योंकि 6 मई के बाद मारे गए आतंकवादियों को पाकिस्तान में राजकीय सम्मान दिया गया। उनका ताबूत पाकिस्तानी झंडे से ढका गया और पाकिस्तानी सेना ने सलामी दी। यह साबित करता है कि ये आतंकवादी गतिविधियां केवल छद्म युद्ध नहीं हैं, बल्कि यह पाकिस्तान का एक जानबूझकर युद्ध की रणनीति का हिस्सा हैं। अगर वे युद्ध में शामिल हैं, तो हमें उसी हिसाब से जवाब देना होगा।”

 

सरदार पटेल की सलाह मानी होती, तो आतंकवाद का सिलसिला न चलता
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के विभाजन के समय की याद दिलाते हुए कहा कि पाकिस्तान ने 1947 में आतंकवादियों की मदद से कश्मीर के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उस समय सरदार पटेल की सलाह मानी जाती और आतंकवादियों को मार दिया जाता, तो पिछले 75 वर्षों में भारत में आतंकवादी गतिविधियों का सिलसिला नहीं बढ़ता।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत माता के टुकड़े-टुकड़े हो गए थे और उसी रात कश्मीर में पहला आतंकी हमला हुआ था। पाकिस्तान ने मुजाहिद्दीन के नाम पर आतंकवादियों की मदद से भारत के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था। अगर उस वक्त इन आतंकवादियों को मार दिया जाता और सरदार पटेल की सलाह मानी जाती, तो आज हम आतंकवादी हमलों का सामना नहीं कर रहे होते।”

पाकिस्तान युद्ध में भारत को नहीं हरा सकता
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की सैन्य क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने यह समझ लिया है कि वह युद्ध में भारत को हरा नहीं सकता। इसलिए, उसने छद्म युद्ध की शुरुआत की। उन्होंने कहा, “जब हमें पाकिस्तान के साथ युद्ध करना पड़ा, तो हमारी सेना ने तीन बार पाकिस्तान को हराया। पाकिस्तान अब जानता है कि वह युद्ध में भारत को नहीं हरा सकता, इसलिए उसने आतंकवाद के जरिए हमें लगातार परेशान करना शुरू कर दिया।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आतंकवादी हमलों को भारतीय नागरिकों ने हमेशा बर्दाश्त किया है, लेकिन अब भारत ने तय किया है कि इन हमलों का जवाब उसी ताकत से दिया जाएगा।

Exit mobile version