नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में 28 निर्दोष लोगों की जान चली गई। यह हमला हाल के वर्षों में आम लोगों पर सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई भयानक वीडियो सामने आए हैं, जिन्हें देखकर लोग गुस्से और दुख में हैं। हर कोई इस हमले की कड़ी निंदा कर रहा है और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक गुट ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली है।
‘शुक्रिया पाकिस्तान, अल्लाह तुम्हें खुश रखे, आमीन’
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें झारखंड के बोकारो जिले का एक युवक, जिसने खुद को ‘इस्लामिक वकील’ बताया है, पाकिस्तान और लश्कर-ए-तैयबा को इस हमले के लिए शुक्रिया कहता नजर आ रहा है। युवक ने लिखा, “शुक्रिया पाकिस्तान, शुक्रिया लश्कर-ए-तैयबा, अल्लाह तुम्हें खुश रखे, आमीन। अगर आरएसएस, बीजेपी, बजरंग दल और मीडिया को निशाना बनाया जाए तो हमें और खुशी होगी।”

इतना ही नहीं, उसने एक और पोस्ट में अमरनाथ यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई विवादित बातें लिखीं। उसने लिखा, “हर समय पहलगाम में भारी सुरक्षाबल मौजूद रहते हैं, इसके बावजूद हिंदुओं का कत्लेआम हुआ। ये बीजेपी की बड़ी साजिश है और पुलवामा हमले की तरह एक सोची-समझी चाल है।”

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई लोगों ने इस युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए झारखंड पुलिस को टैग किया है। इस शख्स ने अपने कई अन्य पोस्ट में मोदी सरकार की भी आलोचना की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
वहीं, पोस्ट वायरल होने के बाद झारखंड पुलिस भी हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी युवक का नाम मोहम्मद नौशाद है और यह बोकारो का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि झारखंड में अगर कोई आतंकी वारदात को समर्थन दे रहा है तो यह आतंरिक सुरक्षा के लिए खतरा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...