Dainik Savera Times

‘बंगाल में मची चीख-पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार’, पीएम मोदी का ममता बनर्जी पर जोरदार हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के बाद अब पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने अलीपुरद्वार में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हाल ही में मुर्शिदाबाद और मालदा में जो घटनाएं हुईं, वो दिखाती हैं कि यहां की TMC सरकार कितनी कठोर और संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब TMC सरकार और उसके सिस्टम पर भरोसा नहीं रहा, अब उन्हें सिर्फ न्यायपालिका यानी कोर्ट से ही उम्मीद है। उन्होंने एक नारा दिया-“बंगाल में मची चीख-पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार!”

बंगाल को घेरे हुए हैं पांच बड़े संकट: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल कई तरह की मुश्किलों में फंसा हुआ है। हिंसा और अराजकता का माहौल: समाज में डर और अपराध बढ़ते जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा का संकट: माताओं और बहनों के खिलाफ गंभीर अपराध हो रहे हैं। युवाओं में बेरोजगारी और निराशा: नौकरी के अवसर नहीं हैं, जिससे युवा परेशान हैं। भ्रष्टाचार और जनता का भरोसा टूटना: सिस्टम पर लोगों का विश्वास खत्म हो रहा है। गरीबों का हक छीन रही राजनीति: सत्ताधारी पार्टी सिर्फ अपने फायदे की सोचती है।

ऊर्जा गंगा गैस पाइपलाइन, पूर्वी भारत की तस्वीर बदलेगी
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सरकार की “ऊर्जा गंगा” गैस पाइपलाइन परियोजना एक बड़ी पहल है, जिससे पूर्वी भारत को जोड़ा गया है। इस परियोजना से गैस आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सस्ती, स्वच्छ और आसान ऊर्जा मिलेगी।

शहरी गैस वितरण और हर घर में गैस का सपना
पीएम मोदी ने बताया कि भारत में अब तक 31 करोड़ से ज्यादा परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन मिल चुका है। अब हर जिले में गैस वितरण नेटवर्क पहुंच रहा है। CNG का इस्तेमाल बढ़ने से प्रदूषण कम हो रहा है और जेब पर खर्च भी घट रहा है। गैस अब हर घर तक सुरक्षित रूप से पाइप के ज़रिये पहुंचाई जा रही है।

अलीपुरद्वार और कूच बिहार में 1010 करोड़ की गैस परियोजना शुरू
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना की लागत है 1010 करोड़ रुपये, और इसके तहत 2.5 लाख घरों को पाइप से प्राकृतिक गैस (PNG) मिलेगी। 100 से ज्यादा दुकानों और उद्योगों को गैस कनेक्शन मिलेगा। 19 नए CNG स्टेशन बनेंगे, जिससे गाड़ियों को साफ ईंधन मिलेगा। लोगों को सिलेंडर नहीं खरीदना पड़ेगा, गैस सीधे घर पहुंचेगी। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का विकास भारत के विकास का आधार है। केंद्र सरकार लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा), इनोवेशन और निवेश पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा, “आज का दिन बंगाल की तरक्की की नींव में एक और मजबूत ईंट जोड़ने जैसा है।”

Exit mobile version