नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए “वोट चोरी” के आरोपों के बाद, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखा पलटवार किया। ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने आरोपों की राजनीति को अपना “श्रृंगार” बना लिया है और अब हर मुद्दे पर झूठे आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह हाइड्रोजन बम गिराने वाले थे, लेकिन फुलझड़ी से ही काम चलाना पड़ा।
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “एक ऐसा नेता जो लगातार चुनाव हारता है और जिसे जनता बार-बार नकार चुकी है, उसकी हताशा और निराशा लगातार बढ़ती जा रही है। राहुल गांधी ने आरोपों की राजनीति को अपना श्रृंगार बना लिया है। जब उनसे आरोपों की पुष्टि करने के लिए कहा जाता है, तो वह मुँह मोड़ लेते हैं और भाग जाते हैं। जब हलफनामा देने के लिए कहा जाता है, तो वह मुकर जाते हैं। यह उनकी आदत बन चुकी है।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी पहले राफेल जैसे मामलों पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं और फिर माफी मांग लेते हैं। बीजेपी सांसद ने कहा, “राहुल गांधी आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाइड्रोजन बम गिराने वाले थे, लेकिन उन्हें फुलझड़ी से ही काम चलाना पड़ा, जो भी बुझ गई।”
#WATCH | On Lok Sabh LoP Rahul Gandhi’s press conference, BJP MP Anurag Thakur says, “A leader who loses election after election and is repeatedly rejected by the public, under whose leadership the Congress party has lost nearly 90 elections. His frustration and despair are… pic.twitter.com/NrsfPODMys
— ANI (@ANI) September 18, 2025
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी द्वारा कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र में 6,000 से अधिक वोटों को हटाने के आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चुनाव आयोग के बयान का हवाला देते हुए कहा कि 2023 में अलंद विधानसभा क्षेत्र में वोट हटाने की असफल कोशिश की गई थी, और इस पर चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। आयोग ने यह भी कहा था कि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन किसी भी वोट को डिलीट नहीं कर सकता, और यदि किसी का नाम हटाया जाता है तो उसे सुनवाई का मौका दिया जाता है।
ठाकुर ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से सवाल किया, “अब तक कर्नाटक की सीआईडी ने क्या किया है? रिकॉर्ड के अनुसार, अलंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ही जीते थे। तो क्या कांग्रेस ने वोट चोरी करके जीत हासिल की? राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद स्वीकार किया कि वह लोकतंत्र बचाने नहीं आए हैं। तो क्या उनका लक्ष्य इसे नष्ट करना है?”

अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उन्हें कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “टूलकिट की मदद से वह हमारे संस्थानों पर लगातार हमला कर रहे हैं और लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। भारत का चुनाव आयोग बिना किसी पूर्वाग्रह के काम कर रहा है, लेकिन राहुल गांधी और उनकी पार्टी का उद्देश्य लोकतंत्र को नष्ट करना है।”

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी बांग्लादेश और नेपाल जैसी स्थिति बनाने की कोशिश में हैं, ताकि भारत में अस्थिरता फैलाई जा सके। ठाकुर ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...