Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान में तीन भारतीय नागरिक लापता, भारतीय दूतावास कर रहा है तलाश में मदद

May 28, 2025

ईरान में तीन भारतीय नागरिक लापता, भारतीय दूतावास कर रहा है तलाश में मदद

नई दिल्ली/तेहरान: ईरान की यात्रा पर गए तीन भारतीय नागरिक अचानक लापता हो गए हैं। इन लोगों का कोई पता नहीं चल पा रहा है। इस मामले में तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि वह ईरानी अधिकारियों के साथ मिलकर इन लापता भारतीयों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।

परिवारों ने जताई चिंता
लापता लोगों के परिवार वालों ने भारतीय दूतावास से संपर्क कर अपने परिजनों के गायब होने की जानकारी दी थी। इसके बाद दूतावास ने तुरंत ईरानी सरकार से इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने और पूरी जांच करने का अनुरोध किया है।

दूतावास ने कहा, “तीन भारतीय नागरिकों के परिजन हमारे पास आए और बताया कि उनके रिश्तेदार ईरान की यात्रा के बाद से लापता हैं। हमने यह मामला ईरानी अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाया है और उनसे इन व्यक्तियों का जल्द पता लगाने की अपील की है।”

पाकिस्तानी एजेंसियों की संदिग्ध भूमिका पर चिंता
कुछ रिपोर्टों में यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं इन लोगों के लापता होने के पीछे किसी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी, जैसे कि ISI, का हाथ तो नहीं है। इससे पहले कुलभूषण जाधव के मामले में भी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ने उन्हें ईरान से अगवा कर लिया था और झूठा आरोप लगाया था कि वह जासूस हैं।

दूतावास परिवारों के संपर्क में
भारतीय दूतावास ने यह भी बताया कि वह लापता भारतीयों के परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और उन्हें हर अपडेट दे रहा है। दूतावास ने कहा, “हम हर कदम की जानकारी परिवार वालों को दे रहे हैं और उनकी हर संभव मदद कर रहे हैं।” अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वे पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें