Delhi School Bomb Threats : राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह एक बार फिर तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया।
पहली धमकी दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित रिचमोंड स्कूल को मिली। जैसे ही स्कूल प्रशासन को धमकी भरा मेल मिला, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। अलर्ट मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे स्कूल परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
इसके कुछ देर बाद दूसरी धमकी रोहिणी सेक्टर 3 स्थित अभिनव पब्लिक स्कूल को भी ईमेल के जरिए मिली। यहां भी बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं और सघन जांच अभियान चलाया गया।
Delhi | Abhinav Public School, located in Rohini Sector 3, has also received a bomb threat; investigation underway.
— ANI (@ANI) July 18, 2025
तीसरा मेल रोहिणी सेक्टर 24 के सोवरन स्कूल को मिला है। इस मेल के बाद अब तक कुल तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। तीनों ही स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान जारी है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
यह कोई पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले बुधवार को द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल और वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। वहीं, मंगलवार को सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
पिछले कुछ महीनों में ऐसे धमकी भरे मेल कई स्कूलों की ईमेल आईडी पर भेजे जा चुके हैं। जांच में सामने आया है कि इनमें से कई मामले शरारती तत्वों या छात्रों द्वारा की गई हरकतें थीं। हालांकि, आज की धमकियों को गंभीरता से लिया गया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी भी स्कूल से बम या संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी जगहों पर सुरक्षा कारणों से तलाशी और निगरानी जारी है।

