Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Tirupati के बाद सिद्धिविनायक के प्रसाद पर बवाल! प्रसाद के पैकेट पर चूहे होने का वीडियो आया सामने; जांच शुरू 

September 24, 2024

Tirupati के बाद सिद्धिविनायक के प्रसाद पर बवाल! प्रसाद के पैकेट पर चूहे होने का वीडियो आया सामने; जांच शुरू 

मुंबई। तिरुपति के लड्डू प्रसादम को लेकर जारी विवाद के बीच, यहां स्थित सिद्धिविनायक मंदिर के प्रसाद के पैकेट पर चूहे होने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि, श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास (एसएसजीटी) ने आरोप से इनकार किया और कहा कि उसने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवसेना नेता और एसएसजीटी अध्यक्ष सदा सर्वंकर ने मंगलवार को कहा, ‘‘रोजाना लाखों लड्डू बांटे जाते हैं और जिस स्थान पर वे बनाए जाते हैं, वह स्वच्छ है। वीडियो में एक गंदा स्थान दिखायी दे रहा है। मैं देख सकता हूं कि यह मंदिर का नहीं है और वीडियो कहीं बाहर बनाया गया है।’’ कथित वीडियो में नीले रंग की एक ‘ट्रे’ में रखे लड्डू के पैकेट चूहों द्वारा कुतरे दिखायी दे रहे हैं।

सर्वंकर ने कहा, ‘‘हम सीसीटीवी फुटेज खंगालेंगे और जांच के लिए एक डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) रैंक के अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’ इससे पहले, संवाददाता सम्मेलन में सर्वंकर ने कहा कि मंदिर यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करता है कि प्रसाद स्वच्छ स्थान पर तैयार किया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘घी, काजू और अन्य सामग्री पहले जांच के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की प्रयोगशाला में भेजी जाती है और वहां से स्वीकृति के बाद इस्तेमाल की जाती है।’’ उन्होंने बताया कि पानी की भी प्रयोगशाला में जांच करायी जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब है कि हम यह सुनिश्चित करने पर पूरा ध्यान देते हैं कि श्रद्धालुओं को दिए जाने वाला प्रसाद शुद्ध हो।’’ तिरुपति मंदिर में प्रसाद के तौर पर दिए जाने वाले लड्डू को लेकर जारी विवाद के बीच यह वीडियो आया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने 18 सितंबर को आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती वाईएस जगनमोहन रेड्डी सरकार ने तिरुपति के लड्डू में पशु चर्बी का इस्तेमाल किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें