यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में रविवार रात सरूरपुर इलाके के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल और उसके चचेरे भाई शिवम से टोल कर्मचारियों द्वारा जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार कपिल गांव गोटका का रहने वाला है और छुट्टी के बाद ड्यूटी पर श्रीनगर वापस जा रहा था। जवान दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए कार से निकला था, लेकिन टोल पर वाहनों की लंबी कतार थी। उसने कर्मचारियों से गाड़ियां जल्दी निकालने का आग्रह किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और टोल कर्मचारियों ने हमला कर दिया।
सेना का जवान कौन है?
कपिल राजपूत बटालियन में कांस्टेबल है। वह ऑपरेशन सिंदूर के बाद श्रीनगर में तैनात था। कांवड़ यात्रा के समय छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार सुबह 5 बजे उसकी दिल्ली से फ्लाइट थी और उसे ड्यूटी पर आमद करानी थी। उसका भाई शिवम उसे कार से एयरपोर्ट छोड़ने जा रहा था।
आईडी और मोबाइल छीना, कपड़े फाड़े
जवान ने टोल कर्मचारियों को अपना आर्मी आईडी कार्ड और छुट्टी का पत्र दिखाया। साथ ही यह भी बताया कि उसका गांव गोटका टोल-फ्री श्रेणी में आता है। इसके बावजूद कर्मचारियों ने उसका आईडी कार्ड और मोबाइल फोन छीन लिया। जब कपिल ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और कपड़े तक फाड़ दिए। कपिल उस समय वर्दी में नहीं था।
मेरठ में टोल प्लाजा पर टोल गुण्डों ने सेना के एक जवान को बुरी तरह पीटा।जवान कश्मीर जॉइन करने जा रहे थे।
टोल प्लाजा गुंडो का अड्डा बन गया है।
pic.twitter.com/ktlQh3JF0w— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) August 17, 2025
CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात
मारपीट की यह घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। किसी तरह कपिल और उसका भाई शिवम अपनी जान बचाकर बाहर निकले और पुलिस व ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों का गुस्सा भड़का
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक टोलकर्मी अंकित, जो बागपत का रहने वाला है, ग्रामीणों के हाथ चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और मेरठ रेफर कर दिया गया।
CCTV फुटेज के आधार पर 6 आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सरूरपुर थाने में जवान के पिता कृष्णपाल की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।