नेशनल डेस्क: दीपावली पर कम बोनस मिलने से नाराज टोलकर्मियों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हंगामा कर दिया। गुस्से में कर्मचारियों ने फतेहाबाद टोल प्लाजा के गेट खोल दिए, जिससे करीब दो घंटे तक टोल फ्री रहा और 10 हजार से ज्यादा गाड़ियां बिना टैक्स दिए निकल गईं। इस घटना से कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ, जबकि लोगों को कुछ घंटों के लिए टोल फ्री सफर का फायदा मिल गया।
यह भी पढ़ें: ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने अन्याय का बदला लिया’, दिवाली पर पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम पत्र
कम बोनस मिलने से नाराज हुए कर्मचारी
मामला सोमवार सुबह का है। टोल प्लाजा का संचालन श्री साइन एंड दातार कंपनी के पास है, जिसने इस साल मार्च 2025 में इसका संचालन संभाला था। दीपावली के मौके पर कंपनी ने कर्मचारियों को सिर्फ 1100 रुपए का बोनस दिया, जिससे कर्मचारी नाराज हो गए।
दो घंटे तक टोल पर कोई टैक्स नहीं वसूला
कर्मचारियों का कहना था कि पूरे साल मेहनत करने के बाद इतना कम बोनस मिलना “अपमानजनक” है। उनका तर्क था कि कंपनी मार्च से टोल चला रही है, लेकिन वे सालभर से यहां काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें पूरा बोनस मिलना चाहिए। नाराज कर्मचारियों ने सुबह की शिफ्ट शुरू होते ही विरोध में काम बंद कर दिया और सभी टोल गेट खोल दिए। कुछ ही मिनटों में लंबी कतार में खड़ी गाड़ियां बिना रुके निकलने लगीं। करीब दो घंटे तक टोल पर कोई टैक्स नहीं वसूला गया।
कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा
जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, फतेहाबाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बातचीत कराई और स्थिति को शांत किया। करीब दो घंटे बाद टोल संचालन फिर से सामान्य हुआ, लेकिन तब तक हजारों वाहन गुजर चुके थे और कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

