Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Air India Tragedy: ‘कल सेल्फी ली थी, आज पहचान के लिए DNA सैंपल दिया’, बेटी को याद कर फूट-फूटकर रोया पिता

June 13, 2025

Air India Tragedy: ‘कल सेल्फी ली थी, आज पहचान के लिए DNA सैंपल दिया’, बेटी को याद कर फूट-फूटकर रोया पिता

नेशनल डेस्क: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया। उन्हीं में से एक हैं गुजरात के आणंद जिले के रहने वाले मिस्त्री परिवार, जिनकी 22 साल की बेटी किनल मिस्त्री इस हादसे में लापता हो गई।

किनल मिस्त्री वर्क परमिट पर यूके (ब्रिटेन) में नौकरी कर रही थीं। वो कुछ समय के लिए भारत आई थीं और पिछले एक महीने से गुजरात में डेंटल इलाज करवा रही थीं। उनके पिता ने बताया कि पिछले साल एक कार एक्सीडेंट में किनल का जबड़ा बुरी तरह से घायल हो गया था, जिसका इलाज भारत में चल रहा था। इलाज के बाद वह अब यूके लौट रही थीं।

कल बेटी के साथ सेल्फी ली थी, आज पहचान के लिए DNA सैंपल दिया
किनल के पिता ने बताया, “कल सुबह 11 बजकर 3 मिनट पर मैंने अपनी बेटी के साथ सेल्फी ली थी। और आज उसी वक्त मैं उसकी पहचान के लिए DNA सैंपल देने आया हूं।” यह कहते हुए उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर बेटी को छोड़ते समय कभी नहीं सोचा था कि ये उनकी आखिरी मुलाकात होगी। अब बस उनके पास बेटी की आखिरी सेल्फी और यादें ही बची हैं। फ्लाइट में बैठने से पहले किनल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखी थी, “Until next time, miss you all.” (जब अगली बार मिलेंगे, तब तक आप सबकी याद आएगी।) उनके पिता कहते हैं कि मानो उन्हें अनहोनी का आभास हो गया था।

कभी नहीं सोचा था, उसकी तलाश में आना पड़ेगा
हादसे के बाद, किनल की पहचान नहीं हो सकी, इसलिए उनके पिता को DNA सैंपल देना पड़ा। अब वह अगले 72 घंटे तक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपनी बेटी को एयरपोर्ट छोड़ने आया था, यह नहीं सोचा था कि अब उसकी तलाश में आना पड़ेगा।” यह हादसा सिर्फ एक विमान दुर्घटना नहीं, बल्कि कई सपनों, रिश्तों और उम्मीदों के टूटने की कहानी है। किनल मिस्त्री की आखिरी तस्वीर उनके पिता के फोन में है, और आखिरी शब्द सोशल मीडिया पर रह गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें