Site icon Dainik Savera Times

मुंबई में भारी बारिश के बाद यातायात फिर से पटरी पर लौटा, IMD के अलर्ट के बाद स्कूल बंद

नई दिल्ली। मुंबई में भारी बारिश के बाद बृहस्पतिवार को वाहन और रेल यातायात फिर से शुरू हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बृहस्पतिवार सुबह के लिए मुंबई और उसके आसपास के जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

भारी बारिश के कारण बुधवार को मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया था, लोकल ट्रेन का आवागमन थम गया और मुंबई आने वाली कम से कम 14 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा। मुंबई में अत्यधिक भारी बारिश के कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बृहस्पतिवार को सभी विद्यालयों और कॉलेजों में अवकाश की घोषणा की है।

भारी बारिश के कारण ठाणे, पालघर, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में भी बृहस्पतिवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। बीएमसी और पुलिस ने मुंबई और आसपास के इलाकों के सभी लोगों को घर के अंदर रहने की ही सलाह दी है। बीएमसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुंबईकर, अगर जरूरत नहीं हो तो घर से बाहर निकलने से बचें।’’ पु

लिस ने कहा कि बुधवार को उपनगर अंधेरी में भारी बारिश के कारण 45 वर्षीय महिला नाले में डूब गई। बुधवार की भारी बारिश के बाद कुछ सड़कें मानो तेज धार वाली नदियों में बदल गईं क्योंकि कई क्षेत्रों में शाम के पांच घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। सेंट्रल लाइन पर कुर्ला और ठाणे स्टेशन के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही थमने से हजारों यात्री सीएसएमटी और अन्य स्टेशनों पर फंस गए, जबकि विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक जाम लग गया।

Exit mobile version