Site icon Dainik Savera Times

जीरकपुर में संदिग्ध हालात में मिला ट्रक चालक का शव…जांच में जुटी पुलिस

जीरकपुर : ओल्ड कालका रोड पर शुक्रवार सुबह एक ट्रक चालक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय चमकौर सिंह, निवासी गांव क्लारा, तहसील समाना, जिला पटियाला के रूप में हुई है। रहस्यमय तरीके से हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ गगनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक राहुल कुमार महाराष्ट्र के पुणे से गन्ने की खेप लेकर जीरकपुर पहुंचा था। उन्होंने सफर के दौरान चमकौर सिंह को हेल्पर के तौर पर साथ रखा था। गुरुवार रात दोनों ने भोजन करने के बाद ट्रक को गन्ने के डंप पर खड़ा किया और वहीं केबिन में सो गए।

सुबह जब राहुल कुमार की नींद खुली तो वह चमकौर सिंह को पास में नहीं पाया। खोजबीन करने पर उसे ट्रक के पास स्थित राज मेडिकल स्टोर के सामने चमकौर का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। जब उसे जगाने की कोशिश की गई, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

-सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में किसी स्पष्ट हमले के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मामला मानकर कई एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के समय की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय का माहौल है। कुछ लोगों का मानना है कि यह दुर्घटना हो सकती है, जबकि कई इसे साजिश के तौर पर देख रहे हैं।

-फोरेंसिक जांच जारी

एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी ने कुछ संदिग्ध देखा है या इस घटना के बारे में कोई जानकारी है तो वह आगे आकर पुलिस की मदद करें। फिलहाल, जीरकपुर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी एंगल को नजरअंदाज न किया जाए।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी और राजस्थान में तेजी से बढ़ेगा तापमान, पूर्वोत्तर में बारिश और तूफान की आशंका

Exit mobile version