Site icon Dainik Savera Times

Tejashwi Yadav Accident : बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव! बेकाबू ट्रक ने काफिले को मारी टक्कर, 3 सुरक्षाकर्मी घायल

Tejashwi Yadav Accident : वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में शुक्रवार देर रात को तेजस्वी यादव के काफिले की दो गाड़ियों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस घटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता बाल-बाल बच गए, लेकिन तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रक से उस गाड़ी को टक्कर नहीं लगी जिसमें राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सवार थे। अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे की है जब यादव का काफिला गोरौल के पास पटना-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चाय पीने के लिए रुका था। अधिकारी ने बताया कि वे मधेपुरा से पटना लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘यादव को किसी भी तरह की चोट नहीं आई है। तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यादव भी अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मियों का हालचाल जाना।’’ अस्पताल में यादव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘दुर्घटना उस समय हुई जब हमलोग मधेपुरा से पटना लौट रहे थे।

हम गोरौल के पास चाय पीने के लिए रुके थे। एक तेज रफ्तार ट्रक ने मेरे काफिले की दो गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। मैंने तुरंत जिला पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। दुर्घटना मेरे वाहन से सिर्फ पांच फुट की दूरी पर हुई।’’ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया है। यादव ने कहा, ‘‘यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

Exit mobile version