संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप एस्केलेटर पर चढ़े, तो स्वचालित सीढ़ियां अचानक रुक गईं, इसके बाद बची-खुची कसर खराब टेलीप्रॉम्प्टर ने पूरी कर दी। संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बताया कि ट्रंप और मेलानिया के साथ आए एक वीडियोग्राफर ने उनके आगमन को फिल्माने की कोशिश की और अनजाने में सुरक्षा तंत्र को चालू कर दिया, जिससे ऐसा होने की आशंका है।
यह घटना मंगलवार सुबह हुई जब ट्रंप और प्रथम महिला महासभा के सभागार की ओर बढ़ रहे थे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय 80वें सत्र में विश्व नेताओं को संबोधित करने वाले थे। दुनिया भर में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण में दिखा कि प्रतिनिधि प्रवेश द्वार के पास एस्केलेटर अचानक रुक गया। एस्केलेटर के अचानक रुकने से ट्रंप और मेलानिया को थोड़ा झटका लगा और इसके बाद प्रथम महिला को रुके हुए एस्केलेटर पर चलना पड़ा, जिसके बाद राष्ट्रपति उनके पीछे आए।
This is insane…
As Trump arrived to the UN, the escalator stopped working the moment he stepped on it.
Then the teleprompter stopped working the moment he got up to the podium to speak. pic.twitter.com/XBTgfr6zJ8
— Geiger Capital (@Geiger_Capital) September 23, 2025
राष्ट्रपति सीढ़ियों पर चढ़े, एस्केलेटर रुक गया
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया कि राष्ट्रपति, प्रथम महिला और उनकी टीम प्रतिनिधि प्रवेश द्वार से होकर सुरक्षा द्वार पार करने के बाद एस्केलेटर की ओर बढ़े। उनके आगमन को रिकॉर्ड करने के प्रयास में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक वीडियोग्राफर एस्केलेटर पर उनके आगे चढ़ गया। जैसे ही प्रथम महिला और राष्ट्रपति सीढ़ियों पर चढ़े, उसी समय एस्केलेटर रुक गया।
दुजारिक ने कहा कि जैसे ही प्रतिनिधिमंडल दूसरी मंजिल पर पहुंचा तो हमारे तकनीशियन ने एस्केलेटर को ठीक कर दिया। जांच में पता चला कि एस्केलेटर पर एक सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया था। यह तंत्र लोगों या वस्तुओं के एस्केलेटर के गियरिंग में फंसने से रोकने के लिए बनाया गया है। वीडियोग्राफर ने संभवतः इसे अनजाने में सक्रिय कर दिया। इस घटना के बाद सभागार में टेलीप्रॉम्प्टर भी खराब हो गया।
मुझे टेलीप्रॉम्प्टर के बिना भाषण देने में कोई आपत्ति नहीं: ट्रंप
ट्रंप ने अपने संबोधन की शुरुआत में मजाक करते हुए कहा, ‘‘मुझे टेलीप्रॉम्प्टर के बिना भाषण देने में कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि यह काम नहीं कर रहा।’’ इस टिप्पणी पर वहां उपस्थित विश्व नेताओं ने ठहाके लगाए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र से मुझे दो चीजें मिलीं- एक खराब एस्केलेटर और खराब टेलीप्रॉम्प्टर। धन्यवाद।’’ यह ट्रंप का अपने दूसरे कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र में पहला संबोधन था। अमेरिकी नेता ने बाद में गुतारेस के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान टेलीप्रॉम्प्टर और एस्केलेटर की घटनाओं का भी उल्लेख किया।
घटना की जांच की जानी चाहिए
बाद में व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘अगर किसी ने जानबूझकर एस्केलेटर रोका है, तो उसे तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए और घटना की जांच की जानी चाहिए।’’ लीविट ने ‘द टाइम्स’ में प्रकाशित एक लेख का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया जिसमें कहा गया कि ट्रंप के आगमन के लिए संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों ने मजाक में कहा कि वे एस्केलेटर और लिफ्ट बंद कर कर सकते हैं और राष्ट्रपति को यह बता सकते हैं कि उनके पास पैसे खत्म हो गए हैं, इसलिए उन्हें सीढ़ियों से ऊपर जाना होगा।

