Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आपने जंग में करारी हार झेली, अब आप नरक में हो’, डोनाल्ड ट्रंप का खामेनेई पर तीखा हमला

June 28, 2025

‘आपने जंग में करारी हार झेली, अब आप नरक में हो’, डोनाल्ड ट्रंप का खामेनेई पर तीखा हमला

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई पर तीखा हमला किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि खामेनेई सच्चाई से मुंह मोड़ रहे हैं और उन्होंने युद्ध में करारी हार झेली है। ट्रंप ने यहां तक कहा कि “अब आप नरक में हैं।” ये बयान खामेनेई के उस दावे के बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान ने अमेरिका और इज़राइल को मुंहतोड़ जवाब दिया है और युद्ध में जीत हासिल की है।

ईरान के परमाणु ठिकानों पर बड़ा हमला
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और इज़राइल ने मिलकर 12 दिन तक ईरान के तीन बड़े परमाणु ठिकानों पर हमला किया, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। इन ठिकानों में फोर्डो, नतांज और एस्फहान शामिल हैं। अमेरिका की डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) के मुताबिक इन हमलों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम कुछ महीनों के लिए पीछे चला गया है। हालांकि CIA और इज़राइल की खुफिया एजेंसियों का मानना है कि नुकसान और भी ज्यादा गंभीर है।

खामेनेई को मारने की योजना थी, लेकिन मैंने रोका: ट्रंप
ट्रंप ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि युद्ध की शुरुआत में इज़राइल ने खामेनेई को मारने की योजना बनाई थी। लेकिन ट्रंप ने खुद इस योजना को रोक दिया क्योंकि उन्हें पता था कि खामेनेई कहां छुपे हैं। उन्होंने कहा, “मैंने जानबूझकर उन्हें नहीं मरने दिया। उन्हें एक भयानक और अपमानजनक मौत से बचाया। इसके लिए उन्हें मुझसे धन्यवाद कहने की जरूरत नहीं है।”

खामेनेई का जवाब और चेतावनी
खामेनेई ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि ईरान ने कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला कर अमेरिका को सबक सिखाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका या इज़राइल ने आगे हमला किया, तो ईरान जवाब देने में पीछे नहीं हटेगा।

IAEA जांच की मांग
ट्रंप ने यह भी कहा कि भविष्य में जब ईरान से बातचीत शुरू होगी, तब उसे IAEA (अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी) या किसी भरोसेमंद संस्था को अपने परमाणु ठिकानों की जांच की इजाजत देनी होगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि ईरान फिर से परमाणु कार्यक्रम शुरू न करे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें