
नेशनल डेस्क: हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित राई एजुकेशन सिटी की अशोका यूनिवर्सिटी में पढ़ाने वाले सोशल साइंस के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सोशल मीडिया पर महिलाओं और भारतीय सेना, खासकर सेना की महिला अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणियां करने का आरोप है।
प्रोफेसर अली खान ने सोशल मीडिया पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर कुछ विवादित बातें लिखी थीं। यह ऑपरेशन भारत ने पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में मौजूद आतंकियों के खिलाफ चलाया था। उन्होंने सेना की महिला अधिकारियों को लेकर भी ऐसी बातें कहीं, जिन्हें अपमानजनक और अनुचित माना गया। उनकी पोस्ट पर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ, जिसके बाद दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं।
कहां-कहां दर्ज हुए केस?
पहला केस सोनीपत के गांव जठेड़ी के सरपंच की शिकायत पर राई थाने में दर्ज किया गया। दूसरा केस हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज किया गया। इन दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
राई थाना पुलिस ने अली खान को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी ताकि मामले की गहन जांच की जा सके। यूनिवर्सिटी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उन्हें प्रोफेसर की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है और वे पुलिस और प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेंगे। वे मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं। AIMIM पार्टी ने अली खान की गिरफ्तारी पर विरोध जताया है और कहा है कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई सवालों के घेरे में है।