Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली के इन दो स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप… मौके पर मौजूद पुलिस दल

Delhi School Bomb Threats : दिल्ली में एक बार फिर से स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सनसनी फैला दी गई है। ताजा मामला राजधानी के द्वारका और वसंत कुंज इलाके का है, जहां बुधवार सुबह सेंट थॉमस स्कूल और वसंत वैली स्कूल को ई-मेल के जरिए धमकी मिली कि उन्हें बम से उड़ाया जाएगा। आपको बता दे कि इससे पहले मंगलवार को भी सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को ऐसी ही धमकी मिली थी।

दोनों स्कूलों को कराया गया खाली

बम की धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई। फौरन बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और दोनों स्कूलों को पूरी तरह खाली कराया गया। पूरे स्कूल परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु की पहचान की जा सके। फिलहाल किसी प्रकार की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन जांच अभी जारी है।

मंगलवार को भी मिली थी धमकी

मंगलवार को भी राजधानी के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली थी। बता दें कि मेल में कहा गया था कि कॉलेज परिसर और पुस्तकालय में चार IED और दो RDX लगाए गए हैं, जो दोपहर दो बजे तक फट सकते हैं। इस ईमेल के बाद भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कॉलेज को घेरकर पूरी जांच की थी, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

बढ़ती धमकियों से अभिभावक चिंतित

लगातार मिल रही धमकियों से अभिभावकों में डर और चिंता का माहौल है। एक अभिभावक ने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब स्कूलों को इस तरह की धमकी मिली है। पिछले साल भी इसी तरह के फर्जी ईमेल भेजे गए थे। पुलिस को अब कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और इस तरह की अफवाह फैलाने वालों को सजा दिलवानी चाहिए।” वहीं एक अन्य अभिभावक ने कहा, “हर बार बच्चों को स्कूल से अचानक बाहर निकालना, फिर डर के माहौल में दिन गुजारना, ये हमारे लिए मानसिक रूप से बहुत परेशान करने वाला है।”

पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साइबर सेल को ईमेल की ट्रेसिंग का जिम्मा सौंपा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी देने वाला कौन है और वह कहां से ऑपरेट कर रहा है। अधिकारी जल्द ही इस मामले में खुलासा करने का दावा कर रहे हैं।

Exit mobile version