Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP : मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को फिर से बनाया अपना उत्तराधिकारी

June 23, 2024

UP : मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को फिर से बनाया अपना उत्तराधिकारी

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद एक बार फिर से उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है। आकाश आनंद को फिर से पार्टी का नेशनल कोऑर्डनिेटर बना दिया गया है। लखनऊ में बसपा की बैठक में खुद मायावती ने इसका ऐलान किया। इससे पहले आकाश आनंद को उत्तराखंड में होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी ने स्टार प्रचारक बनाया था। इस लिस्ट में पहले स्थान पर बसपा मुखिया मायावती और दूसरे नंबर पर आकाश आनंद का नाम है। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को पार्टी के सभी प्रदेश प्रमुखों के साथ करीब 3 घंटे तक बैठक की। इस बैठक में आकाश आनंद भी शामिल हुए।

बैठक में भतीजे आकाश आनंद ने बसपा प्रमुख के पैर भी छूए। मायावती ने भी भतीजे की पीठ थपथपाई और सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। बसपा बिहार प्रदेश प्रभारी लाल जी मेधांकर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मायावती ने फिर से आकाश आनंद को उनके पद पर बहाल करते हुए नेशनल कोऑर्डिनेटर और अपना उत्तराधिकारी बनाया है। मायावती ने बैठक में बताया कि हमारी पार्टी यूपी समेत सभी जगहों पर उपचुनाव लड़ेगी।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सीतापुर में भड़काऊ भाषण देने के बाद बसपा के नेशनल कोऑर्डनिेटर आकाश आनंद को मायावती ने अहम जिम्मेदारियों से हटा दिया था। इसकी वजह उनका अपरिपक्व होना बताया गया था।

बता दें कि आकाश आनंद ने सीतापुर में जनसभा के दौरान भाजपा नेताओं की तुलना आतंकवादियों से की थी। साथ ही, उन्हें जूतों से मारने की बात कही थी। इसके बाद बसपा सुप्रीमो ने आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डनिेटर के पद और अपने उत्तराधिकारी की जिम्मेदारी से हटाने का ऐलान किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें