Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

कौन हैं यूपी के नए मुख्‍य सचिव Shashi Prakash Goyal, जानें कहां से हुई है उनकी पढ़ाई?

July 31, 2025

कौन हैं यूपी के नए मुख्‍य सचिव Shashi Prakash Goyal, जानें कहां से हुई है उनकी पढ़ाई?

UP New Chief Secretary IAS SP Goyal: उत्तर प्रदेश सरकार ने एसपी गोयल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। उन्होंने 31 जुलाई 2025 को अपना कार्यभार संभाल लिया है। एसपी गोयल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और जनवरी 2027 तक इस पद पर बने रह सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में एसपी गोयल को एक खास और भरोसेमंद अफसर माना जाता है। वह पिछले कई सालों से मुख्यमंत्री कार्यालय में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (अपर मुख्य सचिव) के पद पर काम कर रहे थे। अब उन्हें राज्य के सबसे बड़े प्रशासनिक पद मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

शांत स्वभाव और मेहनती अफसर
एसपी गोयल को एक गंभीर, मेहनती और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वह बिना किसी चर्चा या विवाद के चुपचाप अपना काम करते हैं और हमेशा प्रशासनिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हैं।

मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल पूरा
इससे पहले मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह इस पद पर थे, लेकिन उनका कार्यकाल 31 जुलाई को पूरा हो गया और उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिया गया। इसके बाद नए मुख्य सचिव की रेस में तीन नाम आगे थे, जिनमें एसपी गोयल सबसे उपयुक्त माने गए।

जिलाधिकारी से लेकर मुख्य सचिव तक का सफर
एसपी गोयल का प्रशासनिक करियर बहुत लंबा और अनुभवों से भरपूर है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के तौर पर की थी। इसके बाद वह मेरठ, अलीगढ़ और बहराइच में सीडीओ (मुख्य विकास अधिकारी) रहे। वह मथुरा, इटावा, प्रयागराज और देवरिया जैसे बड़े जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी रह चुके हैं।

हर सरकार में निभाई अहम भूमिका
एसपी गोयल ने अलग-अलग सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। बसपा सरकार में स्टाफ अफसर रहे। सपा सरकार में प्लानिंग विभाग के सचिव और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव रहे। मोदी सरकार (केंद्र) में मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में काम किया। योगी सरकार (2017 से) में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख अधिकारी के रूप में लगातार सेवा दे रहे हैं।

लखनऊ के रहने वाले हैं एसपी गोयल
एसपी गोयल का जन्म 1967 में हुआ था और वह लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, और ईएमआईबी कोर्स किया है। उन्हें दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में भी प्रभावशाली अधिकारी माना जाता है। एसपी गोयल का नाम उत्तर प्रदेश के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में आता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी माने जाने वाले गोयल अब प्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और कार्यशैली से राज्य प्रशासन को और बेहतर बनाएंगे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें